
मथुरा. हिन्दू संगठनों के द्वारा मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद पर जलाभिषेक के ऐलान के बाद जहां पुलिस-प्रशासन सतर्क नजर आया। वहीं छह दिसंबर का दिन शांति पूर्ण बीता। हालांकि कुछ लोगों के द्वारा श्रीकृष्ण जन्म स्थान के मुख्य द्वार पर जय श्री राम के नारे लगाए। जिसके बाद पुलिस ने नारे लगा रहे लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दरअसल, कुछ दिन पहले हिंदूवादी संगठनों ने श्री कृष्ण का जलाभिषेक और संकल्प यात्रा का ऐलान किया था। हालांकि इसके लिए जिला प्रशासन ने भी अनुमति नहीं दी और फिर उन संगठनों ने भी अपना ऐलान वापस ले लिया था, बावजूद इसके पुलिस-प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं थी। शांति-सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा।
हजारों सुरक्षाकर्मी रहे तैनात
मथुरा को छह जोन में बांटकर सुपर जोनल और जोनल अधिकारी तैनात किया गया था। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 8 एडिशनल एसपी, 16 डिप्टी एसपी, 50 इंस्पेक्टर, 200 सब इंस्पेक्टर, 300 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, 3 महिला इंस्पेक्टर, 15 महिला सब इंस्पेक्टर, 80 महिला कांस्टेबल, 2 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 5 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर, 80 ट्रैफिक कांस्टेबल, 4 कंपनी पीएसी और 2 कंपनी पैरामिलिट्री समेत हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात रहे।
रास्तों पर थी नाकाबंदी
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया था। इन दोनों धार्मिक स्थलों की ओर आने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई थी। नगर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर बैरिकेड लगाकर छोटे और बड़े वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया था। नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे से आने जाने वालों के अलावा स्थानीय लोगों को भी असुविधा न हो इसके लिए रूट का डायवर्जन भी कर दिया गया था।
कई लोगों पर पुलिस रख थी नजर
पुलिस उन संगठनों के पदाधिकारियों पर नजर रखे हुए थी जिन्होंने संकल्प यात्रा और जलाभिषेक का ऐलान किया था। यह संगठन हालांकि अपनी घोषणा वापस ले चुके थें मगर फिर भी इन संगठनों के पदाधिकारियों पर पुलिस नजर बनाए हुए थी। ना सिर्फ मथुरा बल्कि अन्य शहरों में रहने वाले पदाधिकारियों पर भी पुलिस की नजर थी।
असामाजिक तत्वों ने लगाए जय श्रीराम के नारे
वहीं श्री कृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार पर पहुंचे आधा दर्जन के करीब लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए तो प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में पुलिस बल पहुंचा और नारे लगा रहे पांच लोगों को हिरासत में लिया। बताया गया कि पकड़े गए कुछ हिंदूवादी लोग हैं और कुछ करणी सेना के कार्यकर्ता भी बताए गए हैं। हिरासत में लिए गए इन पांच लोगों में एक संत भी शामिल हैं जो कि थाना बरसाना क्षेत्र के बताए गए हैं।
मथुरा के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि नगर में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और एहतियात के तौर पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इन अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्तर पर किसी को गड़बड़ी फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
Published on:
06 Dec 2021 05:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
