परिवार रजिस्टर में जन्म से मृत्यु तक का पूरा ब्यौरा दर्ज किया जाता है। सरकारी नौकरी के साथ कई अन्य स्थानों पर इसका प्रयोग प्रमाणित दस्तावेज के रूप में होता है। इसे प्राप्त करने के लिए तहसील में लोगों को काफी मशक्कत करनी होती है। अब समस्या का निराकरण करने के उद्देश्य से मेरठ में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसकी शुरूआत की गई है। परिवार रजिस्टर का तमाम ब्यौरा आनलाइन कर दिया है। इसके चलते अब कोई भी व्यक्ति अपने परिवार रजिस्टर की नकल घर बैठे एक क्लिक पर आसानी से प्राप्त कर सकेगा।
बता दें कि मेरठ जिले में वर्तमान में सात लाख से अधिक परिवार रजिस्टर्ड हैं। नगर निगम के साथ ही नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों में निवास करने वाले परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। परिवार रजिस्टर में जानकारी अपडेट कराने के लिए सभी सहायक विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
डीपीआरओ मेरठ रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में परिवार रजिस्टर का रिकार्ड आनलाइन कर दिया है। कुछ समय में इसमें और सुधार के लिए जाएंगे। लोग अपनी समस्त जानकारी जांचकर उसमें आवश्यक सुधार करा सकते हैं। इस सुविधा से लोगों को काफी लाभ मिलेगा।