
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ/हापुड़. महाशिवरात्रि (Mahashivratri) से एक दिन पूर्व गंगाजल लेकर कांवड़ियों का अपने गंतव्य पर पहुंचना शुरू हो गया है। सड़कों पर हरिद्वार से जल लाने वाले कांवड़ियों का सैलाब उमड़ रहा है। इन शिवभक्तों का जगह-जगह कैंप लगाकर स्वागत किया जा रहा है। इसी कड़ी में हापुड़-गढ़ रोड पर मुस्लिमों ने कैंप लगाकर शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया। जिसमें मुस्लिम युवकों और महिलाओं ने कांवडियों पर फूलों की वर्षा की और उनको फलों का वितरण किया। कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) की मुस्लिम समुदाय द्वारा की गई सेवा गंगा जमुनी तहजीब की एक मिसाल बनी। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिन्दू-मुस्लिम सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम समुदाय ने कांवड़ियों के स्वागत करने के लिए एक कैंप का आयोजन किया, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने खर्च पर कांवड़ियों के जलपान का भव्य आयोजन कर उन पर पुष्प वर्षा की और कांवड़ियों के जत्थे में शामिल होकर हिन्दू मुस्लिम भाई-भाई का संदेश दिया। वहीं मुस्लिम युवकों ने बम भोले के नारे भी शिवभक्तों के साथ लगाए।
कल है महाशिवरात्रि
आगामी 11 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि को लेकर शहर के मंदिरों में विशेष सजावट की गई है और कोविड-19 के तहत मंदिरों में शिवभक्तों के लिए दर्शन के इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों के बाहर सैनिटाइजर की व्यवस्था के अलावा बिना मास्क एंट्री पर रोक लगाई गई है।
शिवरात्रि पर न सही महाशिवरात्रि पर चढ़ाएंगे जल
बता दें कि जो शिवभक्त इस बार कोरोना संक्रमण के चलते शिवरात्रि पर जल नहीं ला सके थे। वे इस बार महाशिवरात्रि पर हरिद्वार से पैदल जल लाकर अपने गांव के मंदिरों और शिवालयों में अर्पित करेंगे।
कैंपों में हो रहा कांवड़ियों का स्वागत
जगह-जगह लगे कैंपों में शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया जा रहा है। सड़कों पर उमड़े कांवडियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके भी प्रबंध किए गए हैं।
Published on:
10 Mar 2021 04:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
