बागपत. उत्तर प्रदेश की बागपत जेल में पूर्वांचल के डाॅन मुन्ना बजरंगी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस हत्याकांड की फारेंसिक जांच में पुलिस की उस थ्योरी पर सवाल खड़े हो गए हैं, जिसमें बताया गया था कि मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद सुनील राठी ने पिस्टल गटर में फेंक दी थी। दरअसल, अब फारेंसिक जांच में सामने आया है कि जेल के गटर से बरामद पिस्टल से गोली नहीं चली थी, यानि मुन्ना बजरंगी की हत्या किसी दूसरे हथियार से की गई है। आगरा में हुई फारेंसिक जांच के बाद खुलासा हुआ है कि जिस पिस्टल की जांच कराई गई है, उससे गोली ही नहीं चली है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खुद को फंसता देख पुलिस ने अब दोबारा जांच के लिए बरामद अस्लाह को आगरा लैब भेज दिया है।