scriptहाइवे पर लेटी दुष्‍कर्म पीड़िता, बोली- जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक नहीं उठूंगी | Rape victim on the highway for justice at Meerut | Patrika News
मेरठ

हाइवे पर लेटी दुष्‍कर्म पीड़िता, बोली- जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक नहीं उठूंगी

महिला के बीच हाइवे पर लेटे होने की सूचना पर फूले पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव

मेरठDec 08, 2017 / 01:36 pm

lokesh verma

Meerut
मेरठ. प्रदेशभर में नारी सशक्तीकरण और नारी सुरक्षा सप्ताह चल रहा है। जगह-जगह स्कूल-कालेजों में पुलिस अधिकारी कार्यक्रमों में भाग लेकर नारी सुरक्षा के बारे में छात्राओं को जागरूक कर रहे हैं, लेकिन वह नारी क्या करे जिसके साथ दुष्कर्म हुआ हो और रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी उसको न्याय नहीं मिला हो। ऐसे में वो न्याय के लिए किसका दरवाजा खटखटाए। ऐसा ही एक मामला मवाना में सामने आया है। जहां पर दुष्कर्म पीड़ित महिला दुष्कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए थाने से लेकर सीओ कार्यालय तक के चक्कर लगाकर थक गई। जब उसे न्याय नहीं मिला तो वह मेरठ-पौड़ी हाइवे पर अपने परिजनों के साथ लेट गई।
बता दें कि मवाना निवासी एक महिला काल्पनिक नाम जहीरा अपने परिवार के साथ थाना मवाना पहुंची और उसने तीन माह पहले दर्ज कराई दुष्कर्म की रिपोर्ट में नामजद आरोपियों के बारे में जानकारी मांगी। थाने में तैनात एसएसआई ने महिला से अभद्रता की और कहा कि जब गिरफ्तार हो जाएंगे तब उसे बता दिया जाएगा। एसएसआई का इतना कहना था कि पीड़ित महिला थाने से बाहर निकली और अपने परिजनों के साथ सड़क पर हंगामा करते हुए बीच हाईवे पर लेट गई। महिला और उसके परिजनों को बीच हाइवे पर लेटा होने की सूचना से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से अनुनय-विनय करने लगी। महिला का कहना था जब तक दुष्कर्म के आरोपी इरशाद और उसके दो अन्य साथी गिरफ्तार नहीं हो जाते हैं, तब तक वह वहां से उठने वाली नहीं है। इसके बाद एसओ मवाना दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे और वे महिला को समझा-बुझाकर थाना ले आए। महिला के हंगामा करने के दौरान हाइवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। एसओ दीपक शर्मा का कहना है कि महिला ने करीब पांच माह पूर्व अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही थी। जिस पर तीन माह पूर्व रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी पकड़ में होंगे।

Home / Meerut / हाइवे पर लेटी दुष्‍कर्म पीड़िता, बोली- जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक नहीं उठूंगी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो