नई दिल्ली: हाल ही में वजीराबाद इलाके में आम लोगों के लिए खोला गया सिग्रनेचर ब्रिज हादसों के लिए चर्चित हो रहा है। दो दिनों में तीन मौत से लोग बेहद भयभीत हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को युवाओं से सेल्फी लेते वक्त सावधानी बरतने और तेज गति से गाड़ी न चलाने की अपील की है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "सिग्नेचर ब्रिज पर दुर्घटनाओं को लेकर मैं बहुत चिंतित हूं। यह दिल्ली की शान है। सभी लोगों से, खासकर युवाओं से मेरी अपील है कि वे सिग्नेचर ब्रिज पर सेल्फी लेते वक्त सावधानी बरतें और तेज गति से गाड़ी न चलाएं। आपका जीवन देश और आपके परिजनों के लिए बहुमूल्य है।"