आईएमडी के मुताबिक मानसून का असर आने वाले दिनों में मध्य भारत और इसके आस-पास वाले पूर्वी इलाकों में ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार समेत कई राज्यों में जोरदार बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग की मानें तो कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में लगभग सभी स्थानों पर भारी से भारी वर्षा हो सकती है। यहां अलग-अलग इलाकों में व्यापक बारिश के आसार बन रहे हैं।
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काइमेट के मुताबिक एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में बन रहा है। इसके चलते इन इलाकों मे तेज हवाओं के साथ आंधी भी चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी विदर्भ तक तेज हवाएं मुश्किल बढ़ा सकती हैं।
हवाओं के बदलते रुख के चलते अगले 5 दिनों के दौरान मध्य और आसपास के पूर्वी भारत में लगभग सभी स्थानों पर व्यापक रूप से वर्षा होने और गरज के साथ बौछार पड़ने और अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।