
लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज
नई दिल्ली। देशभर के ज्यादातर इलाकों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जो बताता है कि मौसम अपना मिजाज ( weather update ) लगातार बदल रहा है। कुछ राज्यों में पिछले कुछ दिनों से बारिश ने लोगों की मुश्किल बढ़ा रखी है तो पहाड़ी राज्यों में अब भी बारिश ( Rainfall alert ) के साथ बर्फबारी ( Snowfall ) की चेतावनी भारतीय मौसम विभाग ने जारी की है।
खास तौर पर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज गरज के साथ बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
आपको बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पहले ही पूर्वानुमान लगा चुका है कि मार्च से लेकर मई तक अधिकांश जगहों पर तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। इस बीच आईएमडी ने जानकारी दी है कि उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न हुआ है। इसके चलते देश के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इस पश्चिमी विक्षोभ की वजहसे 3 और 4 मार्च को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।
बर्फीले तूफान की आशंका
वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी ज्यादातर हिस्सों में 3 और 4 मार्च को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। यही नहीं 3 मार्च को इन इलाकों में बर्फीले तूफान को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न हो रहा है। 5 मार्च से इस विक्षोभ का असर आसानी से देखा जा सकेगा। इसके चलते 6 से 8 मार्च तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
इन राज्यों में बारिश के बीच तूफान के आसार
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काइमेटवेदर के मुताबिक अगले दो से तीन दिन तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है। जबकि गुरुवार यानी 4 मार्च को असम और मेघालय में तूफान भी आने की आशंका बनी हुई है।
दिल्ली में चलेंगी सर्द हवाएं
आपको बता दें कि दिल्ली में फरवरी का महीना तो खासी गर्मी के साथ बीता, लेकिन मार्च की शुरुआत से ही हवाओं का रुख बदला है। तापमान में थोड़ी गिरावट के साथ सर्द हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। ठंडी हवाओं के बीच लोगों को सर्दी का एहसास बना रहेगा।
Published on:
3 Mar 2021, 7:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.