scriptदूसरे विश्व युद्ध की कड़वाहट भुला जापानी पीएम और ओबामा पर्ल हार्बर जाएंगे | Japanese PM to visit Pearl Harbor with Barack Obama | Patrika News
विश्‍व की अन्‍य खबरें

दूसरे विश्व युद्ध की कड़वाहट भुला जापानी पीएम और ओबामा पर्ल हार्बर जाएंगे

पर्ल हार्बर पर जापान ने 75 साल पहले हमला किया था। 

Dec 06, 2016 / 12:25 pm

रोहित पंवार

japan US

japan US

टोक्यो. जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ इस महीने के आखिर में पर्ल हार्बर जाएंगे। दोनों नेता जापानी हमले में मारे गए लोगों को यूएसएस अरीजोना मेमोरियल में श्रद्धांजलि देंगे। इस यात्रा के साथ वह हवाई स्थित अमरीकी नौसेना ठिकाने पर जाने वाले पहले जापानी नेता बन जाएंगे।

रिश्तों में लंबे समय कड़वाहट रही

जापानी प्रधानमंत्री ने बताया कि यह दौरा पीडि़तों की आत्माओं की शांति के लिए होगा। बता दें कि पर्ल हार्बर पर जापान ने 75 साल पहले हमला किया था। इसके बाद अमरीका द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल हुआ था। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने बताया कि अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे से 27 दिसंबर को होनालुलू, हवाई में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के जरिये सुरक्षा, आर्थिक और वैश्विक चुनौतियों पर दोनों देश पहले के मुकाबले करीब आएंगे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अमरीका बीते चार सालों से प्रयास कर रहा है।

ओबामा हिरोशिमा गए थे

शिंजो एबी का यह दौरा बराक ओबामा के जापानी शहर हिरोशिमा के दौरे के सात महीने बाद हो रहा है। ओबामा हिरोशिमा का दौरा करने वाले पहले अमरीकी राष्ट्रपति हैं। ज्ञात हो कि साल 1945 में द्वितीय विश्वयुद्ध में अमरीका ने जापानी शहर हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराया था। इसमें हजारों नागरिक मारे गए थे। इसके बाद जापान इस युद्ध में पराजित हो गया था। जापान ने युद्ध में जर्मनी का साथ दिया था। इसके चलते अमरीका और जापान एक दूसरे के दुश्मन बन गए थे। बहरहाल, अमरीकी राष्ट्रपति के रूप में ओबामा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ओबामा का हवाई द्वीप के साथ गहरा रिश्ता रहा है। उनका जन्म यहीं हुआ था। अपने कार्यकाल के दौरान वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने यहीं आते रहते हैं। 

Home / world / Miscellenous World / दूसरे विश्व युद्ध की कड़वाहट भुला जापानी पीएम और ओबामा पर्ल हार्बर जाएंगे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो