
Raksha Bandhan 2018: चार दिन के लिए रोडवेज हर रूट पर चलाने जा रहा रक्षा बंधन स्पेशल बसें
मुरादाबाद: भाई बहन के प्यार का पर्व Raksha Bandhan 26 अगस्त यानि रविवार को है। जिसको लेकर महानगर के बाजारों में रंग बिरंगी राखियां सज गयीं हैं। इसके साथ ही इस त्यौहार पर किसी भाई की कलाई सूनी न रह जाए इसके लिए स्थानीय UP roadways प्रबन्धन ने विशेष इंतजाम किये हैं। जिसके लिए उसने चार दिन तक जिले के हर रूट पर Raksha Bandhan Special Buses चलाने का फैसला किया है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एस के शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त बसों के साथ ही सभी रूटों पर फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। सभी स्टेशन प्रभारियों को इसके निर्देश दिए जा चुके हैं।
बढ़ेंगे फेरे
जनपद में शुक्रवार से सोमवार के बीच जिले में चलने वाली बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। रोडवेज मुख्यालय ने चार दिन की सेवा को असरदार बनाने का आदेश जारी किया है। इसमें बसों की सफाई और समयबद्धता को लेकर आरएम और एआरएम को अलर्ट किया गया है। जबकि बहनों को फ्री में सफर की सौगात दी गई है। बहनें शनिवार की आधी रात से रविवार की अधी रात तक एसी और नान एसी बसों में बिना टिकट यात्रा कर सकेंगी। हर उम्र की महिला यात्री इस सेवा का लाभ ले सकेंगी। यही नहीं जरुरत के मुताबिक मंडल के सभी स्थानीय रूटों पर आन डिमांड बस सेवा दी जाएगी।
इन रूटों पर दौड़ेगी बसें
रक्षा बंधन वाले दिन दिल्ली के साथ बरेली, रामपुर, अमरोहा, धामपुर, बिजनौर, संभल, नजीबाबाद रूट पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। मुरादाबाद, पीतलनगरी के अलावा मंडल के अन्य डिपो से हर रूट पर समयबद्ध बसों का संचालन होगा।
एसी बसें पहली बार फ्री
यहां बता दें कि पिछले वर्ष भी UP Roadways Bus में रक्षा बंधन वाले दिन फ्री में सफ़र की सौगात योगी सरकार ने बहनों को दी थी। जबकि इस बार एसी बसों में भी फ्री सफ़र का आदेश जारी कर दिया है। जिससे बहनें काफी खुश हैं।
Updated on:
24 Aug 2018, 2:34 PM IST
Published on:
24 Aug 2018, 10:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.