scriptUP निकाय चुनाव एग्जिट पोल में इस पार्टी को मिली बढ़त, अंतिम परिणाम कल | UP Municipal Election: final result will declare tomorrow | Patrika News
मुरादाबाद

UP निकाय चुनाव एग्जिट पोल में इस पार्टी को मिली बढ़त, अंतिम परिणाम कल

EVM को रखा गया पुलिस की सख्त निगरानी में

मुरादाबादNov 30, 2017 / 03:08 pm

Iftekhar

Exit poll

मुरादाबाद. नगर निकाय चुनाव समाप्त होने के बाद देर रात तक मंडी समिति में ईवीएम जमा की गई। नगर निकाय और नगर पालिका के लिए कड़ी सुरक्षा में अलग-अलग ईवीएम रखी गई हैं। मंडी समिति में पैरा मिलिट्री फोर्स के पहरे के साथ ही सिविल पुलिस और पीएसी तैनात है। सुबह एडीएम प्रशासन लक्ष्मी शंकर और एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने अधीनस्थों के साथ मंडी समिति का जायजा लिया। वहीं, किसी तरह मशीन में सीलन और पानी न पहुंचे, इसके लिए मशीनों को वाटर प्रूफ बैग में रखा गया है। मशीनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसका कंट्रोल रूम पुलिस चौकी में बनाया गया है। लगातार अधिकारी स्ट्रांग रूम की गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परख रहे हैं।

यही नहीं मतगणना के बाद किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को देर रात तक गश्त करने के निर्देश दिए गए। यहां बता दें कि मंडी समिति मझोला में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी, जोकि दोपहर बाद तक चलने की उम्मीद है। जहां तक परिणाम की बात की जाए तो सबसे पहले ढकिया नगर पंचायत का परिणाम आएगा, जबकि मेयर दोपहर तक सामने आ जायेगा। मतगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस बार सभी विजेता उम्मदिवारों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। आयोग ने प्रोफार्मा बना कर फीड कर दिया है। अब सिर्फ विजेता का नाम डालकर प्रिंट निकालना होगा।

नगर निगम चुनाव में महापौर और पार्षद के लिए कुल मतदान 43.6 फीसदी रहा। जोकि बीते उपचुनाव 29 प्रतिशत से काफी ज्यादा है। सुबह साढ़े सात बजे से शाम पांच बजे तक चले मतदान पर चरण बद्ध तरीके से नजर डालें तो हर चरण में भाजपा का वोटर मतदान केंद्र पर मौजूद था। अनुमान के मुताबिक भाजपा को महापौर सीट पर 32 से 35 फीसदी मत मिलने की सम्भावना है। जोकि सबसे ज्यादा है। भाजपा ने सबसे आखिर में निर्वतमान महापौर विनोद अग्रवाल को टिकट दिया था। जो अन्य दलों के मुकाबले काफी मजबूत दिखे।

वहीं इसके बाद सपा को वोट मिलने की उम्मीद है। उसे अगर मत प्रतिशत में बांटे तो उसके खाते में 27 से 30 फीसदी जाते दिख रहे हैं। यानि सीधी लड़ाई सपा और भाजपा की है। जिसमें भाजपा आगे है। इसके बाद कांग्रेस और बसपा उम्मीद के मुताबिक उतनी सफल नहीं हो पाई जितना उनके नेता कर रहे थे। कांग्रेस ने कुरैशी बिरादरी से रिजवान कुरैशी को उतारा था जबकि बसपा ने शहर में सैनी मतदाताओं की संख्या को देखते हुए लाखन सिंह सैनी को उतारा था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो