
मुजफ्फरनगर. एक ओर जहां कोरोना से लड़ने के लिए लोग अपने घरों में कैद हैं। वहीं मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन के बाद भी बदमाश अपनी हरकतों से बात नहीं आ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब थाना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में लाॅकडाउन के बीच बेजुबान पशुओं के लिए चारा लेने गए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर अज्ञात हत्यारे मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरु कर दी है।
दरअसल, वारदात थाना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर-छाजपुर के जंगलों में हुई है। जहां लॉकडाउन के दौरान बेजुबान पशुओं के लिए चारा लेने गए एक किसान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि निखिल पुत्र पूरन सिंह गांव राजपुर-छाजपुर के जंगल में स्थित अपने खेतों से अपने पशुओं के लिए चारा लेने गया था। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने निखिल की गोली मारकर हत्या कर दी। कई घंटे बाद खेत पर गए लोगों को घटना की जानकारी मिली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना बुढ़ाना पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की छानबीन शुरु कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता की भी कुछ सालों पूर्व मृत्यु हो गई थी और वह अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
Published on:
28 Mar 2020 08:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
