क्या कहते हैं आंकड़े
ADR की रिपोर्ट के अनुसार 17वीं लोकसभा के कार्यकाल के दौरान कुल 240 विधेयक पेश किए गए। इनमें से 222 विधेयक पारित हुए। इसके अलावा 11 विधेयक वापस ले लिए गए। साथ ही 6 अभी भी लंबित हैं। आंकड़ों के अनुसार 45 विधेयक उसी दिन पारित कर दिए गए, जिस दिन उन्हें सदन में पेश किया गया था। ADR के मुताबिक औसतन एक सांसद ने 165 प्रश्न पूछे और 273 बैठकों में से 189 में भाग लिया।
कहां के सांसद रहे ज्यादा एक्टिव
छत्तीसगढ़ के सांसदों की औसत उपस्थिति सबसे अधिक रही। वहीं निचले सदन में राज्य के 11 प्रतिनिधियों ने 273 बैठकों में से 216 में भाग लिया। अरुणाचल प्रदेश में औसत उपस्थिति सबसे कम रही। वहां दो सांसदों ने केवल 127 बैठकों में भाग लिया। महाराष्ट्र के सांसद सबसे अधिक मुखर थे। 48 प्रतिनिधियों ने औसतन 315 प्रश्न पूछे।
कौन सी पार्टी ने दागे ज्यादा सवाल
पार्टियों की बात करें, तो कांग्रेस पार्टी अपने पांच सांसदों के साथ औसतन 410 सवाल उठाकर सबसे आगे रही। वहीं अपना दल (सोनेलाल) के दो सदस्यों ने सबसे कम औसतन पांच-पांच सवाल ही पूछे। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सदस्यों ने 273 बैठकों में से 229 में भाग लिया। वहीं आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने सबसे कम औसतन 57 बैठकों में ही भाग लिया।