राष्ट्रीय

… तो अमित शाह ऐसे बन बैठे 34.31 करोड़ के मालिक, वर्ष 2012 के बाद 300 गुना बढ़ी संपत्ति पर उठ रहे सवाल

आम आदमी पार्टी ने कहा कि राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने जा रहे शाह की संपत्ति 300 गुना बढ़ गई है। वर्ष 2012 में 11 करोड़ की संपत्ति 2017 में 34.31 करोड़ कैसे हो गई।

Aug 01, 2017 / 08:06 am

Nakul Devarshi

भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पर आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा है कि दिवंगत मां से विरासत में मिली संपत्ति को लेकर उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। 
केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने यहां एक स्पष्टीकरण में कहा कि किसी ने शाह के हलफनामे को ठीक से पढऩे की जरूरत नहीं समझी और आरोप लगाना शुरू कर दिया। 
उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 के हलफनामे के अनुसार शाह एवं उनकी पत्नी की संपत्ति 10.99 करोड़ थी। लेकिन 28 फरवरी 2013 को उनकी मां कुसुम बेन का निधन हो गया जिनसे विरासत में 18.85 करोड़ रुपए की चल अचल पैतृक संपत्ति कोर्ट प्रोबेट के माध्यम से मिली। 
गोयल ने कहा कि इस प्रकार से उनके पास 28.84 करोड़ रुपए की संपत्ति हो गई थी जो अब 34.31 करोड़ रुपये की हो चुकी है। इसमें अधिकांश वृद्धि अचल संपत्ति एवं शेयरों का मूल्य बढ़ जाने से हुई है। 
उन्होंने कहा कि शाह के खिलाफ आरोप पूरी तरह से तथ्यहीन एवं बेबुनियाद हैं। यह उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र है। 


आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष नेप्रेस कांफ्रेंस कर अमित शाह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने मीडिया की स्वतंत्रता को लेकर भी सवाल उठाया। 
आशुतोष ने कहा कि राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने जा रहे शाह की संपत्ति 300 गुना बढ़ गई है। वर्ष 2012 में 11 करोड़ की संपत्ति 2017 में 34.31 करोड़ कैसे हो गई। 

उन्होंने कहा, ‘अगर कोई ईमानदारी से आगे बढ़े, तो कोई बात नहीं लेकिन जब इस बारे में कई बड़ी वेबसाइट पर खबर छपी तो तीन घंटे में अकारण हटा दी गई। आखिर ईमानदारी से पैसा कमाने वाले को क्या दिक्कत है?’

Home / National News / … तो अमित शाह ऐसे बन बैठे 34.31 करोड़ के मालिक, वर्ष 2012 के बाद 300 गुना बढ़ी संपत्ति पर उठ रहे सवाल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.