script‘हरियाणा में BJP के खिलाफ लहर, उनकी राजनीति से थक चुके हैं लोग’, रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने PM मोदी पर लगाए ये आरोप | Congress Leader Priyanka Gandhi says at Haryana Sirsa road show Wave against BJP | Patrika News
राष्ट्रीय

‘हरियाणा में BJP के खिलाफ लहर, उनकी राजनीति से थक चुके हैं लोग’, रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने PM मोदी पर लगाए ये आरोप

Priyanka Gandhi: ​प्रियंका गांधी ने सिरसा में रोड शो के दौरान PM मोदी पर आरोप लगाया और कहा कि वे महंगाई और बेरोजगारी पर चुप रहते हैं।

नई दिल्लीMay 23, 2024 / 03:42 pm

स्वतंत्र मिश्र

Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi Vadra Road Show in Sirsa Haryana: कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को पार्टी प्रत्याशी कुमारी शैलजा (Congress Sirsa’s candidate Kumari Selja) के समर्थन में सिरसा में रोड शो किया। कांग्रेस नेता एक विशेष रूप से डिजाइन किए गए वाहन पर बैठी थीं और सिरसा में बड़ी संख्या में एकत्रित लोगों उनका अभिवादन कर रहे थे। रोड शो में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी के झंडे और पोस्टर के साथ चलते नजर आए। प्रियंका गांधी ने कहा कि लोग बीजेपी की राजनीति से थक चुके हैं। उन्होंने कहा, “हरियाणा में भाजपा के खिलाफ लहर है। लोग उनकी (BJP) राजनीति से थक चुके हैं। बहुत ज्यादा बेरोजगारी है, महंगाई चरम पर है। बदलाव आएगा।”

‘PM महंगाई और बेरोजगारी पर क्यों चुप हैं?’

एक अन्य चुनावी रैली में कांग्रेस महासचिव ने बुधवार को प्रधानमंत्री पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “जब प्रधानमंत्री आपके सामने आते हैं तो उनके मुंह से महंगाई और बेरोजगारी जैसे शब्द नहीं निकलते। 10 साल सरकार चलाने के बाद वह मंगलसूत्र और भैंस चोरी की बात करते हैं। वह न तो बताते हैं कि उन्होंने क्या किया, न ही यह बताते कि वह आगे क्या करेंगे।”

Kumari Selja को मिलेगी इनसे टक्कर

Sirsa Voting date: हरियाणा में सिरसा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र छठे चरण के दौरान 25 मई को एक उच्च-स्तरीय चुनावी मुकाबले के लिए तैयार है। हरियाणा के नौ विधान सभा क्षेत्रों नरवाना, टोहाना, फतेहाबाद, रतिया, कालांवाली, डबवाली, रानिया, सिरसा और ऐलनाबाद को शामिल करने वाले इस निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के अशोक तंवर और कांग्रेस की कुमारी शैलजा के बीच महत्वपूर्ण मुकाबला देखने को मिल रहा है।

सिरसा में कांग्रेस का रहा है बोलबाला

सिरसा ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस का गढ़ रहा है। हालांकि 2014 में राजनीतिक परिदृश्य बदल गया जब इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) ने सीटें जीत ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जो यहां कभी चुनाव नहीं जीती, अब कांग्रेस से हाल ही में पार्टी में शामिल हुए अशोक तंवर को मैदान में उतारा है।

2019 में सुनीता दुग्गल ने मारी थी बाजी

भाजपा की सुनीता दुग्गल ने 2019 के चुनावों में 714,351 वोटों के साथ निर्णायक जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के अशोक तंवर को 309,918 वोटों के अंतर से हराया। हरियाणा में कांग्रेस और आप मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस नौ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि कुरूक्षेत्र से एक सीट आप को दी गई है।

BJP ने 2019 में जीती थीं सभी सीटें

हरियाणा में 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने परचम लहराते हुए सभी 10 सीटों पर कब्जा कर लिया था। 2014 के चुनावों में भाजपा ने 7 सीटें जीतीं जबकि इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) ने 2 सीटें जीतीं और कांग्रेस को केवल एक सीट मिली।

Hindi News/ National News / ‘हरियाणा में BJP के खिलाफ लहर, उनकी राजनीति से थक चुके हैं लोग’, रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने PM मोदी पर लगाए ये आरोप

ट्रेंडिंग वीडियो