इस नए मानसून सिस्टम के एक्टिवेट होने के कारण हरियाणा के दिल्ली से लगते सीमांत क्षेत्र में तूफान के साथ तेज वर्षा होने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं। इसके अलावा दिल्ली, पालम, लोदी रोड़, द्वारका, फरीदाबाद, बावल सहित कई स्थानों पर अगले कुछ घंटों में वर्षा हो सकती है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार पहले से बना हुआ सिस्टम अगले 24 से 48 घंटों में कमजोर हो सकता है जिसके प्रभाव से हरियाणा में चल रहा वर्षा का दौर समाप्त हो सकता है और राज्य में गर्मी बढ़ सकती है। हालांकि अभी मानसून पूरी तरह से विदा नहीं होगा।
माना जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले मानसून सिस्टम के चलते मानसून लगातार थोड़ा बहुत सक्रिय बना रहेगा, 16 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक तेज बारिश भी हो सकती है।
हरियाणा में इस वर्ष पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक वर्षा हो चुकी है। यदि चार जिले पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और भिवानी को छोड़ दिया जाए तो बाकी राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। सर्वाधिक फतेहाबाद में 75 फीसदी वर्षा हुई है।
हरियाणा में वर्षा कम होने के कारण आज तापमान अन्य दिनों के मुकाबले अधिक रहने की संभावना है। आज तापमान चंडीगढ़ में 28.8 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 27.6 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 29 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 27.8 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 29 डिग्री सेल्सियस तथा हिसार में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहेगा।