scriptयूपी में भाजपा की सरकार बनी तो कांस्टेबल भर्ती में इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त की जाएगी: राजनाथ | If the BJP government in UP constable recruitment interview process will be finished says rajnath singh | Patrika News
71 Years 71 Stories

यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो कांस्टेबल भर्ती में इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त की जाएगी: राजनाथ

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो पुलिस कांस्टेबल भर्ती में इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी और छह माह के भीतर किसानों को संपूर्ण गन्ना मूल्य का भुगतान करा दिया जाएगा।

Nov 07, 2016 / 08:30 pm

Kamlesh Sharma

rajnath singh

rajnath singh

 केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो पुलिस कांस्टेबल भर्ती में इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी और छह माह के भीतर किसानों को संपूर्ण गन्ना मूल्य का भुगतान करा दिया जाएगा। राजनाथ सोमवार को कैराना के विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे। 
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में आप लोगों ने भाजपा की झोली भरने का काम किया था जिसके चलते पार्टी ने भारी सफलता हासिल की थी। आपने जिस अपेक्षा पर भाजपा को वोट दिया था, पार्टी उस पर खरी उतरी है, इस सच्चाई को कोई नकार नहीं सकता। 
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में प्रधानमंत्री से लेकर मंत्री तक किसी पर भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा जबकि पूर्ववर्ती सरकार पर अरबों रुपए के भ्रष्टाचार के दाग लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत माता का मस्तक ऊंचा किया है। 
यूपी की समस्याओं से पूरी तरह वाकिफ हूं: राजनाथ

राजनाथ ने कहा कि वह खुद भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और यहां की समस्याओं से पूरी तरह वाकिफ हैं। इन समस्याओं का समाधान कैसे होगा, उन्हें मालूम है। यदि आपने उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवा दी तो दस वर्षों में उत्तर प्रदेश भारत का ऐसा राज्य बन जाएगा जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती, इसका जीता जागता उदाहरण भाजपा शासित राज्यों राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश का है जहां बड़ा परिवर्तन हुआ है। 
किसानों के साथ किया छलावा 

केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002 के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनी, लंबे समय से केवल बहुजन समाज पार्टी(बसपा) और समाजवादी पार्टी(सपा) की सरकार बनती आ रही है और दोनों सरकार के कामों को आप देख सकते हैं। दोनों ही दलों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं। चुनाव में जनता से किए गए वादों को भी पूरा नहीं किया गया। इन सरकारों में धान की खरीद भी नही हो पाई। केन्द्र सरकार ने ओले और पाले से बर्बाद हुई फसलों के लिए प्रदेश सरकार को तीन हजार करोड़ रुपए दिए थे लेकिन राज्य सरकार ने इसकी बंदरबांट कर किसानों के साथ छलावा किया है। 
उन्होंने कहा कि पहले किसानों को 50 प्रतिशत फसल खराब होने पर ही अनुदान दिया जाता था लेकिन जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो इसे 33 प्रतिशत कर दिया गया था। भाजपा सरकार ने गांव-गांव बिजली पहुंचाई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का कहना था कि जब तक गांवों में बिजली नहीं पहुंचेगी, गांव विकास से अछूते रहेंगे।

Home / 71 Years 71 Stories / यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो कांस्टेबल भर्ती में इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त की जाएगी: राजनाथ

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो