राष्ट्रीय

Lok Sabha Elections 2024 : इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति साफ नहीं, दलबदल के खेल में आगे निकलने की कोशिश में

Lok Sabha Elections 2024 : झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा नीत गठबंधन अपने उम्मीदवारों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर चुका है। किस दल को कितनी और कौन सी सीट मिलेगी, यह तय होना बाकी है। पढ़िए प्रियरंजन भारती की विशेष रिपोर्ट…

Mar 30, 2024 / 11:40 am

Shaitan Prajapat

Lok Sabha Elections 2024 : झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा नीत गठबंधन अपने उम्मीदवारों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर चुका है। भाजपा ने 14 लोकसभा सीटों में से अपने हिस्से की 13 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी को मिली गिरिडीह सीट पर उम्मीदवार की घोषणा अभी शेष है। उधर इंडिया गठबंधन अभी तक सीटों के बंटवारे का पेंच तक नहीं सुलझा पाया है। कांग्रेस ने लंबी माथापच्ची के बाद तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। झामुमो और अन्य सहयोगी दलों ने किसी भी प्रत्याशी के नाम घोषित नहीं किए हैं। इससे चुनाव प्रचार में एनडीए को बढ़त दिखाई दे रही है। दरअसल, इंडिया गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे का पेंच नहीं सुलझ पाने से नेताओं और कार्यकर्ताओं में असमंजस का माहौल है।

किस दल को कितनी और कौन सी सीट मिलेगी, यह तय होना बाकी है। झामुमो और कांग्रेस के बीच ही यह तय नहीं हो पा रहा है कि दोनों दल कितनी सीटों पर लड़ेंगे। ऐसे में दूसरे दलों की बात कौन करे। राजद ने तो सीट बंटवारे के पहले ही पलामू और चतरा से अपने उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिए। इससे इंडिया गठबंधन में तालमेल का अभाव साफ दिखाई दे रहा है।

भाजपा ने जिन 13 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, उनमें स्थानीय प्रत्याशियों को खास महत्त्व दिया गया है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत हुई है। भाजपा हर मोर्चे पर अपने आपको मजबूत करने की कोशिश में लगी है। अब इंडिया गठबंधन के लिए बड़ी चुनौती है कि वह भी भाजपा के सामने स्थानीय उम्मीदवार मैदान में उतारे।

दलबदल की रफ्तार तेज

झारखंड में दल बदल करने-कराने की रफ्तार तेज हो चुकी है। भाजपा ने झामुमो की वरिष्ठ विधायक और सोरेन परिवार की बहू सीता सोरेन को अपने पाले में कर पहली चुनौती पेश की। उधर इंडिया गठबंधन ने भी दांव चले। इसका बदला लेते हुए कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के विधायक और सदन में पार्टी के सचेतक जेपी भाई पटेल को अपने पाले में करते हुए उन्हें हजारीबाग से टिकट दे दिया। अगले कुछ दिनों में इंडिया गठबंधन कुछ ऐसे ही खेल और भी कर सकता है। भाजपा के दो पूर्व सांसद कांग्रेस पार्टी का दामन थाम कर भाजपा उम्मीदवारों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं।

सीटों पर खींचतान

क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस के बीच सीटों पर सहमति इसलिए नहीं बन पा रही है कि हर दल ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लडऩा चाहता है। झारखंड में भी यही हो रहा है। कांग्रेस के साथ संकट है कि वह गठबंधन की ड्राइविंग सीट पर बैठकर अधिक संख्या में जीतने का सेहरा बांध लेना चाहती है। मगर क्षेत्रीय पार्टियां भी इस रेस में पिछडऩा नहीं चाहतीं। अब देखना यह है कि सीटों को लेकर चल रही खींचतान कब खत्म होती है।

भ्रष्टाचार बना मुद्दा

झारखंड में भ्रष्टाचार पर वार एक अहम मुद्दा बना हुआ है। भाजपा आम मतदाताओं तक इस मुद्दे को लेकर जा रही है। यह मुद्दा जनता को कितना प्रभावित करेगा, यह तो चुनाव परिणाम बताएंगे, लेकिन यह तय है कि चुनाव प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप बढ़ने वाले हैं। इससे चुनावी माहौल गरमाना निश्चित है।


यह भी पढ़ें

मुख्तार अंसारी ही नहीं इन खूंखार अपराधियों की भी जेल में ही खत्म हुई थी कहानी, ऐसे हुआ था आतंक का अंत



यह भी पढ़ें

Lok Sabha Elections 2024 ख्वाहिशें, अरमान और जन्नत की हकीकत

Home / National News / Lok Sabha Elections 2024 : इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति साफ नहीं, दलबदल के खेल में आगे निकलने की कोशिश में

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.