इंडिया गठबंधन के नेता काफी पीछे
प्रदेश में पहले दो चरणों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 26 सीटों में से 16 सीटों पर मतदान हो चुका है। इनमें कांग्रेस के प्रदेश के कोटे की कुल 17 सीटों में से पांच सीटें शामिल हैं। इसके बावजूद पार्टी नेता राहुल गांधी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ अमरोहा में जनसभा की तो प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में अकेले रोड शो किया। कांग्रेस का प्रचार अभियान फिलहाल प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे के भरोसे है। गठबंधन के बड़े चेहरे अखिलेश यादव ने इस दौरान आठ सभाओं को संबोधित किया है। यादव और पांडे कुछ स्थानों पर गठबंधन व पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल हुए हैं। सपा के दूसरे सबसे बड़े नेता शिवपाल यादव बदायूं से मैदान में उतरे अपने पुत्र आदित्य यादव के लिए ही प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय केवल वाराणसी में प्रचार में जुटे हैं जहां वह खुद पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि इंडिया गठबंधन का प्रचार आने वाले दिनों में जोर पकड़ेगा। प्रदेश में सात मई को तीसरे चरण में 10 सीटों पर मतदान होगा। कांग्रेस की ओर से गांधी परिवार की परंपरागत अमेठी और रायबरेली सीट पर अभी यह तय होना है कि वहां राहुल और प्रियंका मैदान में उतरेंगे या नहीं।