scriptओडिशा में देश के सबसे ज्यादा करोड़पति विधायक, कुबेर के खजाने पर बैठे 147 में 107 विधायक | Odisha has the highest number of crorepati MLAs in the country Know Top 3 Richest MLA In Odisha | Patrika News
राष्ट्रीय

ओडिशा में देश के सबसे ज्यादा करोड़पति विधायक, कुबेर के खजाने पर बैठे 147 में 107 विधायक

ओडिशा में पिछले चार विधानसभा चुनावों में करोड़पति विधायकों की संख्या 2009 के 22 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 2024 में 73 प्रतिशत हो गई है। ओडिशा इलेक्शन वॉच ने एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के साथ मिलकर एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

नई दिल्लीJun 08, 2024 / 12:50 pm

Anand Mani Tripathi


ओडिशा विधानसभा की केवल तासीर और तस्वीर ही नहीं बदली बल्कि हैसियत भी बदल गई है। ओडिशा में 2009 में हुए विधानसभा चुनाव में कुल 147 विधायकों में से केवल 22 प्रतिशत यानी की 33 उम्मीदवार करोड़पति थे। 2014 के चुनाव में बढ़कर 52 प्रतिशत (76 उम्मीदवार) और 2019 के विधानसभा चुनाव में 65 प्रतिशत (95 उम्मीदवार) हो गए। हालांकि, 2024 के चुनाव परिणाम 04 जून को घोषित हुए है, जिसमें कुल 147 विजयी उम्मीदवारों में से 107 करोड़पति हैं। राज्य विधानसभा के 2024 के चुनाव के दौरान लगभग 43 मौजूदा विधायक फिर से चुने गए। इनमें बीजद के 26, भाजपा के 12, कांग्रेस के चार और माकपा के एक विधायक शामिल हैं। भाजपा ने विधानसभा 2024 के चुनाव में 78 सीटें जीतीं, बीजद ने 51 सीटें जीतीं और कांग्रेस 14 सीटें हासिल करने में सफल रही।
सबसे ज्यादा भाजपा के विधायक करोड़पति

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 78 विजयी उम्मीदवारों में से 52 (67 प्रतिशत) करोड़पति हैं, जबकि बीजू जनता दल के 51 उम्मीदवारों में से 43 (84 प्रतिशत) करोड़पति हैं और कांग्रेस पार्टी से जीतने वाले 14 उम्मीदवारों में से नौ (64 प्रतिशत) करोड़पति हैं। विधानसभा में 147 विजयी उम्मीदवारों में से 17 उम्मीदवारों के पास 10 करोड़ और इतने ही विजयी उम्मीदवारों के पास पांच से 10 करोड़ रुपये के बीच संपत्ति है। 73 विधायकों के पास एक से पांच करोड़ रुपए तक की चल-अचल संपत्ति है।
विधायकों की सं​पत्ति में औसत 7.37 करोड़ रुपए की वृद्धि

ओडिशा विधानसभा में 147 विधायकों की औसत संपत्ति में 2009 में 1.71 करोड़ रुपए से 2014 में 3.22 करोड़ रुपए, 2019 में 4.41 करोड़ रुपए और 2024 के चुनाव में 7.37 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। 2024 के चुनाव में भाजपा के जीतने वाले उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.92 करोड़ रुपए है। इसके बाद बीजद जीतने वाले उम्मीदवारों की 14.36 करोड़ रुपए और कांग्रेस के जीतने वाले उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.82 करोड़ रुपए है।
बीजद से हैं तीन टॉप करोड़पति

विधानसभा पहुंचने वाले तीन ज्यादा संपत्ति वाले विजयी उम्मीदवार बीजद पार्टी के हैं। पार्टी के चंपुआ के सनातन महाकुड़ के पास 227 करोड़ रुपए, बस्ता की सुभाषिनी जेना के 135 करोड़ रुपएऔर बोलंगीर के कैलिकेश नारायण सिंगदेव के पास 73 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 2019 के विधानसभा चुनाव से 2024 के चुनाव तक फिर से चुने गए विधायकों की औसत वृद्धि लगभग शत-प्रतिशत थी। सबसे अमीर जीतने वाले शीर्ष 10 उम्मीदवारों में बीजद के सात और भाजपा के तीन उम्मीदवार हैं। इसी तरह चुनाव जीतने वाले सबसे कम संपत्ति वाले शीर्ष दस उम्मीदवारों में, भाजपा के सबसे अधिक छह उम्मीदवार हैं, इसके बाद बीजद और कांग्रेस के दो-दो उम्मीदवार हैं।

Hindi News / National News / ओडिशा में देश के सबसे ज्यादा करोड़पति विधायक, कुबेर के खजाने पर बैठे 147 में 107 विधायक

ट्रेंडिंग वीडियो