मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फतेहाबाद, जिंद, हिसार, हांसी तथा उत्तर प्रदेश के गंगोह और सहारनपुर में अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। यूपी के बहजोई, बरेली और बदायूं में भी तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि देश के समुद्र तटीय क्षेत्र में एक कम दबाव वाला मानसून सिस्टम एक्टिवेट है जिसके चलते देश के कई राज्यों में वर्षा हो सकती है। विभाग के अनुसार दिल्ली, जिंद, पानीपत, राजौंद, हस्तिनापुर, चांदपुर आदि क्षेत्रों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने केरल के इदुक्की और मलप्पुरम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और चेतावनी देते हुए कहा है कि केरल के कई भागों में अगले 24 से 48 घंटों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने नागालैंड, केरल, तमिलनाड़ु, अंडमान और निकोबार, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तेलंगाना, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
इनके अलावा राजस्थान, दक्षिणी गुजरात, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई भागों में वर्षा होने की संभावना बनी हुई हैं। देश के कई अन्य भागों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। विभाग के अनुसार अभी मानसून को वापिस लौटने में अधिक समय लग सकता है।