scriptभाजपा ने नगर पालिका में फोड़े मटके, कक्ष से बाहर नहीं निकले अध्यक्ष | Patrika News
समाचार

भाजपा ने नगर पालिका में फोड़े मटके, कक्ष से बाहर नहीं निकले अध्यक्ष

Water boils into politics

टीकमगढ़Jun 08, 2024 / 11:40 am

anil rawat

टीकमगढ़। मटका लेकर नगर पालिका जाते हुए भाजपा पदाधिकारी।

टीकमगढ़। मटका लेकर नगर पालिका जाते हुए भाजपा पदाधिकारी।

पानी से राजनीति में उबाल

टीकमगढ़. पूरा शहर पिछले 10 दिन से पानी को परेशान है, तो नगर नगर पालिका केवल क्योलारी डेम से पानी आने का आश्वासन दे रही है। आलम यह है कि नगर पालिका शहर में पेयजल का परिवहन कराने के लिए पर्याप्त ट्रैक्टर भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है। ऐसे में पानी की बढ़ती परेशानी को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को नगर पालिका पहुंच कर मटके फोड़े और जमकर नारेबाजी। वहीं नेता प्रतिपक्ष ने सीधे चेतावनी दी है कि दो साल पूरे होने पर अध्यक्ष को अपनी सीट छोड़नी पड़ेगी।
शुक्रवार की शाम 3.30 बजे भाजपा पदाधिकारी एवं पार्षद शहर मटके लेकर नगर पालिका पहुंचे। यहां पर लोगों ने नगर पालिका के विरोध में जमकर नारेबाजी की। नगर पालिका के गेट पर पहुंच कर पार्षद और भाजपा पदाधिकारियों ने अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार के वाहन के सामने मटके फोड़े। इस दौरान वह लोग अध्यक्ष को ज्ञापन देने के लिए बाहर आने के लिए नारेबाजी करते रहे, लेकिन अध्यक्ष अपने कक्ष से बाहर नहीं निकले। वहीं नगर पालिका सीएमओ भी ऑफिस भी नहीं थी। प्रदर्शन कर रही भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विभा श्रीवास्तव का कहना था कि शहर में सात दिन में पानी दिया जा रहा है। हर कोई परेशान है। हम 260 रुपए प्रतिमाह बिल दे रहे है। बजट होने के बाद भी नपा लोगों को पानी नहीं दे पा रही है। ऐसे में पूरा शहर परेशान है।
कमीशन का खेल, छोड़नी पड़ेगी सीट
शहर में पेयजल परिवहन न होने की बात पर नेता प्रतिपक्ष अभिषेक खरे रानू का कहना था कि नगर पालिका में कमीशन का खेल चल रहा है। पेयजल सहित अन्य कामों के लिए दो साल से नगर पालिका में 95 करोड़ का बजट है, लेकिन अध्यक्ष हर काम को बाधित कर रहे है। समझ में नहीं आ रहा है कि वह चाहते क्या है। वह नगर पालिका को चला नहीं पा रहे है। हर काम के लिए हम लोगों को प्रशासन की मदद लेनी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दो साल पूरे होने पर इन्हें अध्यक्षी छोड़नी पड़ेगी। उनका कहना था कि अगस्त में दो साल पूरे होने के बाद इन्हें अध्यक्षी छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में यह माना जा रहा है कि भाजपा का खेला दो साल बाद अध्यक्ष के ऊपर अविश्वास लगा सकता है।
कांग्रेस नहीं चला पा रही नगर पालिका
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अमित नुना ने भी कांग्रेस और नगर पालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाए। उनका कहना था कि नगर में जल संकट होने पर कांग्रेस विधायक बैक डेट में पत्र लिख कर जनता को गुमराह कर रहे है तो नगर पालिका अध्यक्ष नगर पालिका की व्यवस्थाएं नहीं बना रहे है। सरकार द्वारा शहर के विकास के लिए करोड़ों रुपए का बजट देने के बाद यह काम नहीं करा पा रहे है। इसके पूर्व भी शहर में जल संकट हुआ है, लेकिन हमारी नगर पालिका ने लोगों को परेशान नहीं होने दिया। उनका कहना था कि सांसद की उत्तर प्रदेश सरकार से बात हुई है और जल्द ही पानी मिलना शुरू हो जाएगा।

Hindi News/ News Bulletin / भाजपा ने नगर पालिका में फोड़े मटके, कक्ष से बाहर नहीं निकले अध्यक्ष

ट्रेंडिंग वीडियो