scriptनौतपा का पांचवां दिन : एक दिन में गिरा 3.5 डिग्री तापमान, गर्मी का असर बरकरार | Patrika News
समाचार

नौतपा का पांचवां दिन : एक दिन में गिरा 3.5 डिग्री तापमान, गर्मी का असर बरकरार

भीषण गर्मी में बदला भगवान का खान-पान: छाछ, रबड़ी और ठंडाई का लगा रहे भोग

सिरोहीMay 30, 2024 / 04:12 pm

MAHENDRA SINGH VAGHELA

अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री, हीटवेव व लू के थपेड़ों से आमजन का हाल बेहाल

सिरोही. जिला सहित प्रदेशभर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी है। नौतपा भी खूब तपा रहा है। हालांकि दो दिन से सिरोही जिले में पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार के तापमान के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री कम दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। दोपहर के समय हीटवेव व लू के थपेडों से जन-जीवन प्रभावित रहा।
बता दें कि नौतपा की शुरुआत 25 मई से हुई थी। नौतपा के पहले दिन से सूरज की भीषण गर्मी लोगों को तपा रही है। पिछले तीन दिनों में धूप की तेजी के चलते दिन में बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। बुधवार को करीब 3.5 डिग्री तापमान गिरा है, फिर भी हीट वेव का प्रभाव देखा गया। धूप निकलते ही गर्मी के तेवर बढ़ते चले गए। भीषण धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को जबरदस्त तपाया। लोग पसीने से लोग लथपथ होते रहे। राहगीर, वाहन चालक मुंह और सिर पर कपड़ा बांधकर बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से तापमान में और कमी आने के संकेत हैं। गुरुवार से बादल भी छाए रह सकते हैं। साथ ही बारिश की संभावना भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

छाछ, रबड़ी और ठंडाई का लगा रहे भोग

सिरोही. पूरे प्रदेश में इन दिनों गर्मी अपने रिकॉर्ड तोड़ रही है। ऐसे में सिरोही शहर स्थित बद्री नारायण मंदिर में भगवान को गर्मी से बचाने के लिए कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए भगवान के डाइट चार्ट में बदलाव किया गया है। मंदिरों में भगवान को अब छाछ-राबड़ी, रबड़ी और ठंडाई का भोग लगाया जा रहा है। इसके अलावा भगवान की पोशाक में भी मौसम को देखते हुए बदलाव किया गया है।

Hindi News/ News Bulletin / नौतपा का पांचवां दिन : एक दिन में गिरा 3.5 डिग्री तापमान, गर्मी का असर बरकरार

ट्रेंडिंग वीडियो