scriptPM Modi की उपस्थिति में चंद्रबाबू नायडू कल लेंगे CM पद की शपथ, Bihar CM नीतीश कुमार भी साझा करेंगे मंच | PM Modi will also be present; Chandrababu Naidu will take oath as CM tomorrow, Nitish Kumar will also share the stage | Patrika News
समाचार

PM Modi की उपस्थिति में चंद्रबाबू नायडू कल लेंगे CM पद की शपथ, Bihar CM नीतीश कुमार भी साझा करेंगे मंच

तेदेपा नेता आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर को नायडू के विधायक दल के रूप में चुने जाने की सूचना दे दी है। औपचारिक रूप से नायडू को सरकार बनाने का निमंत्रण भी मिल गया है। अब नायडू कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता उपस्थित रहेंगे।

हैदराबादJun 11, 2024 / 05:43 pm

Anand Mani Tripathi

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू को मंगलवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। तेदेपा, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की आज यहां बैठक में जनसेना प्रमुख के पवन कल्याण ने विधायक दल के नेता के रूप में नायडू के नाम का प्रस्ताव रखा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी ने इसका समर्थन किया।
तेदेपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के.अत्चन्नायडू ने जोरदार तालियों के बीच तीनों दलों के विधायकों की ओर से सर्वसम्मति से नायडू को विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। नायडू ने तीनों दलों के विधायकों को उन्हें अपना नेता चुनने के लिए धन्यवाद दिया कल्याण और पुरंदेश्वरी ने भी नायडू को विधायक दल का नेता चुनने के लिए विधायकों को धन्यवाद दिया।
तेदेपा नेता आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर को नायडू के विधायक दल के रूप में चुने जाने की सूचना दे दी है। औपचारिक रूप से नायडू को सरकार बनाने का निमंत्रण भी मिल गया है। अब नायडू कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता उपस्थित रहेंगे।
आंध्र की प्रगति के लिए केंद्र की मदद अपरिहार्य : नायडू
तेलुगु देशम पार्टी सुप्रीमो एवं आंध्रप्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता निर्वाचित एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार की मदद अपरिहार्य है। एनडीए विधायकों की बैठक में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायडू ने कहा कि गठबंधन की अभूतपूर्व चुनावी जीत ने उनकी जिम्मेदारी बढ़ा दी है। अध्ययन करना होगा कि पिछली सरकार ने कितना कर्ज लिया था और राज्य की वित्तीय स्थिति का आकलन करना होगा। वाईएसआरसीपी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जगनमोहन रेड्डी के कार्यकाल में सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण रुक गया और सभी क्षेत्र बर्बाद हो गए। उन्होंने कहा कि यह प्रतिशोध की राजनीति करने का समय नहीं है, लेकिन अपराध करने वालों को कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए।
अमरावती ही रहेगी आंध्रप्रदेश की राजधानी

तेदेपा प्रमुख ने कहा कि अमरावती आंध्र प्रदेश की राजधानी बनी रहेगी तथा विशाखापत्तनम को राज्य की वित्तीय राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। लोगों ने गठबंधन में विश्वास जताया है और एक स्वच्छ प्रशासन देना हमारी जिम्मेदारी है। आंध्र प्रदेश में वर्ष 2024 के चुनाव परिणामों को केस स्टडी के लिए उपयोगी बताते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने कभी इतने बड़े एकतरफा जनादेश की उम्मीद नहीं की थी। अगर शासक अहंकारी और क्रूर हैं, तो उन्हें ही ऐसा जनादेश दिया जाता है।
शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य पर रहेगा ध्यान: पवन कल्याण
इस मौके पर जन सेना प्रमुख पवन कल्याण ने विकास के लिए शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर जोर दिया और विश्वास व्यक्त किया कि नायडू अनुभवी हैं और वह राज्य को विकास की ओर ले जायेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद डी पुरंदेश्वरी ने मोदी-नायडू-पवन कलां को नदियों के संगम के रूप में एक साथ आने को वर्णित किया और भाजपा की ‘सबका साथ सबका विकास’ की अवधारणा पर प्रकाश डाला। राज्य में गठबंधन की भारी जीत लोगों की नाराजगी और मोहभंग को दर्शाती है।

Hindi News/ News Bulletin / PM Modi की उपस्थिति में चंद्रबाबू नायडू कल लेंगे CM पद की शपथ, Bihar CM नीतीश कुमार भी साझा करेंगे मंच

ट्रेंडिंग वीडियो