scriptWeather: हवाओं ने मचाई तबाही, घर की दीवार गिरने से महिला का सिर फूटा | The winds caused havoc, a woman's head was broken when the wall of the house collapsed | Patrika News
समाचार

Weather: हवाओं ने मचाई तबाही, घर की दीवार गिरने से महिला का सिर फूटा

सब्जियों को हुआ भारी नुकसान

छिंदवाड़ाMay 12, 2024 / 09:42 am

ashish mishra

छिंदवाड़ा. मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। हवाएं तबाही मचा रही हैं। रविवार को भी तेज हवाओं का दौर जारी रहा। हवाओं की वजह से जिले के कई क्षेत्रों में कच्चे मकान प्रभावित हुए हैं। वहीं खेतों में सब्जियों के फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। टमाटर, भिंडी सहित अन्य फसल टूटकर बिखर गई है। कई जगह फसल खेतों में लेट गई है। हवाओं की वजह से जिले में दर्जनों पेड़ गिर गए हैं। पेड़ की टहनियां गिरने से आवागमन भी बाधित हुआ। वहीं मोहखेड़ विकासखंड के बिंदरई गांव में शुक्रवार शाम 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ बारिश एवं ओले गिरने से कई घरों की छत उड़ गई। एक घर की दीवार गिरने से पांच लोग घायल हो गए। इसमें से 42 वर्षीय महिला सुभद्रा पति स्व. राजू सतलाल का सिर फूट गया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। शुक्रवार रात को चली तेज आंधी और बूंदाबांदी के बाद शनिवार को सुबह से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाए। शनिवार को दिनभर उमसभरी गर्मी से मौसम का मिजाज काफी तल्ख रहा। सूर्य देवता एक बार अपने तेवर दिखाए। इससे अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 39.5 डिसे एवं न्यूनतम तापमान 23.5 डिसे रिकॉर्ड किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिसे एवं न्यूनतम तापमान 21.7 डिसे रिकॉर्ड किया गया।
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 14 मई तक घने से मध्यम बादल रहने एवं तेज हवाओं के साथ बारिश, ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेन्टीग्रेट एवं न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेन्टीग्रेट के मध्य रहने की संभावना है। अधिकतम सापेक्षित आद्र्रता 64-85 प्रतिशत एवं न्यूनतम सापेक्षित आद्र्रता 23-37 प्रतिशत रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में हवा दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम एवं पश्चिम दिशाओं में बहने एवं 14-46 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है।
किसानों को फसल की सतत निगरानी करते रहने तथा कीट रोग से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है।

Hindi News/ News Bulletin / Weather: हवाओं ने मचाई तबाही, घर की दीवार गिरने से महिला का सिर फूटा

ट्रेंडिंग वीडियो