31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

त्योहारों की एकता: गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

गणगौर इस बार भी पूरे राजस्थान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लेकिन इस उत्सव की खास बात यह रही कि रमजान के महीने में ईद का प्रमुख त्योहार के साथ गणगौर का पर्व एक साथ आया जिसमे हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदाय ने खुशियों के साथ न सिर्फ त्योहार मनाए बल्कि एक दूसरे का सहयोग भी किया।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Opinion Desk

Mar 31, 2026

राजेन्द्र राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष ( राजस्थान विधानसभा )

वीरभूमि राजस्थान की पहचान केवल उसकी वीरता, किलों और राजसी वैभव से ही नहीं है, बल्कि यहां की पहचान सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द से भी है। यह भूमि सदियों से गंगा-जमुनी तहजीब की वाहक रही है, जहां अलग-अलग धर्मों, परंपराओं और संस्कृतियों के लोग मिलकर जीवन के हर रंग को साझा करते हैं। विशेष रूप से इस बार मार्च 2026 का महीना राजस्थान में एक अद्भुत उदाहरण बनकर सामने आया है जब विभिन्न धर्मों के प्रमुख त्योहार एक साथ आए और हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बन गए। इसी माह जहां एक ओर गणगौर की पारंपरिक छटा दिखाई दी, वहीं रामनवमी और चैत्र नवरात्र की भक्ति भी पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। वहीं ईद के त्योहार ने भी धार्मिक परंपरा में अपनी अलग छटा बिखेरी।

गणगौर जो मुख्य रूप से महिलाओं का त्योहार माना जाता है। इसमें माता गौरी और भगवान शिव की पूजा के माध्यम से सुख-समृद्धि और वैवाहिक सौभाग्य की कामना की जाती है। गणगौर इस बार भी पूरे राजस्थान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लेकिन इस उत्सव की खास बात यह रही कि रमजान के महीने में ईद का प्रमुख त्योहार के साथ गणगौर का पर्व एक साथ आया जिसमे हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदाय ने खुशियों के साथ न सिर्फ त्योहार मनाए बल्कि एक दूसरे का सहयोग भी किया और प्रदेश के सांप्रदायिक सद्भाव में अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया। ईद खुशी, भाईचारे और इंसानियत का प्रतीक पर्व है, जो रोजों की इबादत के बाद अल्लाह के प्रति शुक्रिया अदा करने के रूप में मनाया जाता है।

हिंदुओं के त्योहारों में मुस्लिम समाज की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि यहां त्योहार केवल किसी एक धर्म की सीमा में बंधे नहीं हैं बल्कि यह सामूहिक खुशियों का उत्सव हैं। जयपुर की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय ईद की नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए तो हिंदू समुदाय के सदस्यों ने फूल बिखेरकर एकता का भाव प्रदर्शित किया। इसी प्रकार गणगौर की भव्य शोभायात्रा में राजस्थान की संस्कृति की झलक देखने हिंदू के साथ मुस्लिम वर्ग के लोग भी बड़ी संख्या में आए। यह नजारा सिर्फ जयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर कोने में देखा जाना एक सुखद संकेत है। इसी प्रकार चैत्र नवरात्र और रामनवमी के अवसर पर भी राजस्थान में अद्भुत एकता देखने को मिली।

मंदिरों में जहां भक्तों की भीड़ उमड़ी, वहीं कई स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने सेवा, जल वितरण और व्यवस्था में सहयोग किया। यह केवल एक परंपरा नहीं बल्कि एक गहरी सामाजिक समझ और आपसी विश्वास का प्रतीक है। मार्च का यह महीना इसलिए भी खास बन गया क्योंकि इस दौरान राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों ने भी इस एकता को और मजबूती दी। राजस्थान दिवस केवल राज्य के गठन का उत्सव नहीं बल्कि यहां की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। प्रतिवर्ष 30 मार्च को मनाए जाने वाले राजस्थान दिवस को इस बार हिंदी पंचाग के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 19 मार्च के दिन मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सभी समुदायों ने मिलकर भाग लिया और यह संदेश दिया कि राजस्थान की असली ताकत उसकी एकता में है।

राजस्थान के कई शहरों और गांवों में इस दौरान ऐसे दृश्य देखने को मिले, जहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते नजर आए। रामनवमी की शोभायात्रा पर अल्पसंख्यक समाज की ओर से फूल बरसाकर, श्रद्धालुओं के लिए पानी पिलाने और स्वागत की व्यवस्थाएं की गई वहीं ईद-उल-फितर के अवसर पर ईदगाहों में हिंदू समाज के गणमान्य लोगों ने पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी। यह सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत दृश्य जयपुर, सीकर, चूरू और झुंझुनूं सहित कई स्थानों पर देखने को मिला। इसके अलावा कई स्थानों पर मुस्लिम युवक गणगौर की झांकी में सहयोग कर रहे थे तो कहीं हिंदू परिवार अपने मुस्लिम भाइयों के साथ बैठकर त्योहार की खुशियां साझा कर रहे थे।

यह केवल सह-अस्तित्व नहीं, बल्कि एक सच्ची साझेदारी है। राजस्थान की लोक संस्कृति में यह सांप्रदायिक सौहार्द गहराई से रचा-बसा है। लोकगीतों, मेलों और उत्सवों में धर्म की सीमाएं गौण हो जाती हैं और मानवता का उत्सव प्रमुख हो जाता है। इस मार्च महीने में भी यही देखने को मिला जब अलग-अलग त्योहारों ने मिलकर एक साझा सांस्कृतिक उत्सव का रूप ले लिया। राजस्थान ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि विविधता में एकता केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक जीवंत सच्चाई है। त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक जुड़ाव का माध्यम हैं।