scriptपीटी ऊषा की शिष्या टिंटू लुका ने 800मी. में जीता स्वर्ण पदक | Asian athletics championship: Tintu Luka wins gold in 800 meter | Patrika News
अन्य खेल

पीटी ऊषा की शिष्या टिंटू लुका ने 800मी. में जीता स्वर्ण पदक

प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत के खाते में एक स्वर्ण, दो रजत व दो कांस्य पदक और आए

Jun 08, 2015 / 10:08 am

शक्ति सिंह

tintu luka

tintu luka

वुहान। शीर्ष भारतीय एथलीट टिंटू लुका ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पांचवें और अंतिम दिन रविवार को महिलाओं की 800 मी. दौड़ का स्वर्ण पदक जीत लिया। वहीं जिनसन जॉनसन ने पुरूषों की 800 मी. दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत के खाते में एक स्वर्ण, दो रजत व दो कांस्य पदक और आए। इस तरह भारतीय एथलीटों ने इस चैम्पियनशिप में चार स्वर्ण जीते। टिंटू से पहले इंद्रजीत ने शॉटपुट में, विकास गौड़ा ने डिस्कस थ्रो में और ललिता बाबर ने 3000 मी. स्टीपल चेज के खिताब अपने नाम किए।

विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई
टिंटू ने दो मिनट 01.53 सेकण्ड का समय लेकर 800 मी. दौड़ का खिताब जीता। इसके साथ ही उन्होंने अगस्त में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। हालांकि अभी उन्हें 2016 के रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का इंतजार है। पुरूषों की 800 मी. दौड़ में जॉनसन एक मिनट 49.69 सेकण्ड के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

धर्मवीर ने तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
इस बीच धर्मवीर सिंह और श्रावणी नंदा ने क्रमश: पुरूष व महिला वर्ग की 200 मी. दौड़ में कांस्य पदक जीते। धर्मवीर ने 20.66 सेकण्ड का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला। हरियाणा के धर्मवीर ने अनिल कुमार का 15 वर्ष पुराना 20.73 सेकण्ड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वहीं श्रावणी ने 23.54 सेकण्ड में दौड़ पूरी की।

चीन ने छोड़ा पीछे
भारत की स्वर्ण पदक की उम्मीद चार गुणा 400 मी. महिला रिले टीम को चीन ने चौंकाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय महिला टीम ने तीन मिनट 33.81 सेकण्ड का समय लिया, जबकि चीनी एथलीटों ने तीन मिनट 33.44 सेकण्ड में रेस पूरी की। कजाखस्तान ने स्पर्द्धा का कांस्य पदक जीता।

Home / Sports / Other Sports / पीटी ऊषा की शिष्या टिंटू लुका ने 800मी. में जीता स्वर्ण पदक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो