scriptकांग्रेस की जनआक्रोश रैली में लगा दिग्गज नेताओं का जमावड़ा,जानिए किसने क्या कहा | bihar congress jan akrosh rally updates | Patrika News
पटना

कांग्रेस की जनआक्रोश रैली में लगा दिग्गज नेताओं का जमावड़ा,जानिए किसने क्या कहा

राहुल के साथ ही अन्य नेताओं ने मंच से मोदी सरकार पर जमकर शब्दबाण चलाएंं…

पटनाFeb 03, 2019 / 06:19 pm

Prateek

congress leaders

congress leaders

(पटना): पटना के गांधी मैदान में रविवार को कांग्रेस की ओर से जनआक्रोश रैली आयोजित की गई। रैली में राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया। राहुल ने केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। राहुल ने अपने भाषण में जल्द ही महागठबंधन बनाने का संकेत दिया। राहुल बोले हमारे सहयोगियों के साथ मिलकर हम जल्द ही सरकार बनाने जा रहे है। राहुल के साथ ही अन्य नेताओं ने मंच से मोदी सरकार पर जमकर शब्दबाण चलाएंं। जानिए किसने क्या कहा।

 

यह बोले तेजस्वी

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा इसी गांधी मैदान में किया था। अब वादे को भूल गए। यादव ने कहा कि लालू यादव के पीछे सीबीआई को लगा दी गई लेकिन कोई भी जोर लगा कर मोदी जी देख लें लालू यादव को गरीबों के दिल से नहीं निकाल सकते। उन्होंने बिहार की जदयू भाजपा सरकार पर भी जोरदार हमले किए।

 

गहलोत बोले…देश बदलने का संकेत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कियह रैली देश को संकेत दे रही है। अब देश में नफरत और घृणा की सरकार नहीं चलने वाली। राहुल गांधी ने देश का एजेंडा फिक्स कर दिया है कि किसानों का भला हो,युवाओं को रोजगार मिले और न्यूनतम आय की गारंटी हर किसी को मिले।

 

कमलनाथ का वार…मोदी का केवल मुंह चलता है

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि वह तीस वर्षों बाद पटना आए तो जवानी के दिन याद आ गए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की आंख, नाक और कान की जगह केवल उनका मुंह चलता है। वह रोज जुमले गढ़ते और बोलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने केवल फर्जी ऋण बांटे हैं। देश के किसानों ने जितनी आत्महत्याएं कीं, उतनी तो अफ्रीका में भी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गंगा तो साफ नहीं हो पाई देश के बैंक ज़रूर साफ हो गये।

 

भूपेश बघेल ने कहा…गंगा की असल संतान तो पटना और बिहार के लोग

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एक जुमलेबाज खुद को गंगा माता की संतान कहते हैं। गंगा की असली संतान तो पटना और बिहार के लोग हैं। उन्होंने कहा कि बिहार फिर से खड़ा हो गया है। सब मिलकर भाजपा को तड़ी पार करना है। बघेल ने मंच पर बैठे राहुल गांधी की तारीफ में कसीदे कढ़े। उन्होंने यह भी दावा किया कि छत्तीसगढ़ में स्वामीनाथन कमेटी की गाइडलाइन से भी आगे बढ़कर सरकार ने किसानों से पच्चीस सौ रुपए क्विंटल दर से अस्सी लाख मीट्रिक टन धान खरीदे। बिहार सरकार ने कितने खरीदे?

 

शरद यादव, जीतन राम मांझी भी पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। मुकेश साहनी के बारे में बताया गया कि वह गला खराब होने के कारण नहीं बोल पाएंगे। बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक भी रैली में उनके नाम की टोपी पहने बड़ी संख्या में दिखे। रैली में आने वालों से गांधी मैदान का एक तिहाई हिस्सा भरा देखा गया।

Home / Patna / कांग्रेस की जनआक्रोश रैली में लगा दिग्गज नेताओं का जमावड़ा,जानिए किसने क्या कहा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो