
सुलभ शौचालय संचालक को 10 रुपए ज्यादा लेना पड़ा महंगा, चेयनमैन ने लगाया 10 हजार रुपए का जुर्माना
रायपुर . दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के स्टेशनों में यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के लिए दिल्ली की पैसेंजर सर्विस कमेटी और उसके चेयरमैन रमेश चंद्र रत्न तीन दिवसीय दौरे पर आए हैं। गुरुवार को अपने दौरे के दूसरे दिन चेयरमैन और कमेटी के सदस्यों ने शाम 4.30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
वे स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय पहुंचे तो कुछ यात्रियों ने शिकायत की कि सुलभ शौचालय संचालक यूरिनल के 10 रुपए वसूलता है। शिकायत सामने आते ही चेयरमैन के निर्देश पर सुलभ शौचालय संचालक पर फौरन 10 हजार रुपए जुर्माना किया गया। चेयरमैन के निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में अफरा तफरी का माहौल रहा।
कैफे कॉफी डे का एसी बंद, मारियो से रेट लिस्ट गायब
कमेटी गुरुवार शाम 5:40 बजे रायपुर स्टेशन के निरीक्षण के लिए पहुंची। टीम ने स्टेशन के बुक स्टाल, कैंटीन और इसके किचन, एसी प्रतिक्षालय और द्वितीय श्रेणी के प्रतीक्षालय का जायजा लिया। इन जगहों पर उन्होंने यात्रियों से सुविधाओं और खानपान की गुणवत्ता की जानकारी ली। शाम 6.20 बजे स्टेशन परिसर में संचालित कैफे कॉफी डे पहुंचे। कैफे का एसी बंद था, तो चेयरमैन ने संचालक को फटकार लगाई और एसी सही करवाने का निर्देश दिए।
शाम 6.30 बजे वे परिसर में बने मॉरियो दुकान में पहुंचे। मॉरियो संचालक द्वारा दुकान में पेटीएम और रेट लिस्ट नहीं लगाने पर चेयरमैन ने फटकार लगाई। गलती नहीं सुधारने पर संचालक को बाहर का रास्ता दिखाने की चेतावनी दी गई। स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद शाम 7.04 बजे गुढिय़ारी गेट की तरफ मीडियाकर्मियों से चर्चा की।
कुली संघ ने सौंपा मांगों का ज्ञापन
कमेटी का निरीक्षण कार्यक्रम गुरुवार की सुबह 8 बजे शुरू हुआ। रायपुर स्टेशन का निरीक्षण दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक करना था। दुर्ग में जांच के दौरान लेटलीतीफी की चलते कमेटी के सदस्य और चेयरमैन शाम 4.30 बजे रायपुर स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर वेंडरों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद 4.40 बजे रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने चेयरमैन और सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद कुली संघ ने पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कमेटी के सदस्यों को सौंपा।
निरीक्षण खत्म होते ही खुली पोल
कमेटी के दौरे के मद्देनजर स्टेशन की सफाई दुरुस्त करने के साथ ही जीआरपी-आरपीएफ कर्मियों को स्टेशन परिसर में पदस्थ कर दिया गया था। कमेटी के दौरे पर अधिकारी चेयरमैन और सदस्यों के साथ घूमते रहे। चेयरमैन 7.10 बजे रवाना हुए तो एक नंबर प्लेटफार्म का एक्सेलेटर खराब हो गया। कुछ यात्रियों ने परिसर प्रभारी को जानकारी दी तो उन्होंने कर्मचारियों को समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया और विभागीय कार्यों में व्यस्त हो गए।
Click & Read More Chhattisgarh News.
Published on:
5 Sep 2019, 11:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.