scriptमंडी में सड़ रही प्याज, जिम्मेदार एक-दूसरे पर टाल रहे | Onion rotting in the market, keeping the responsible one on each other | Patrika News
रायसेन

मंडी में सड़ रही प्याज, जिम्मेदार एक-दूसरे पर टाल रहे

लगभग डेढ़ हजार क्विंटल प्याज हो रही खराब, प्याज सडऩे से परिसर में फैल रही बदबू

रायसेनJul 14, 2017 / 10:51 pm

veerendra singh

Raisen

Raisen


रायसेन
. प्याज की खरीदी बंद हुए 15 दिन का समय बीत चुका है। प्याज का परिवहन अभी तक पूरा नहीं हो सका है। यही कारण है कि मंडी परिसर के तीन शेडों में रखी करीब तीन हजार क्विंटल प्याज अब सड़ रही है। प्याज की सड़ाधं से पूरे परिसर में बदबू फैल रही। तो शेड में रखी एवं नीचे फैल रही प्याज अकुंरित होने लगी है। वहीं जिम्मेदार विभागों के अधिकारी एक-दूसरे की गलती और जिम्मेदारी बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। तो कुछ अधिकारी इसे नीलामी में बेची गई तो प्याज बता रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मात्रा में पीडीएस को सप्लाई की जाने वाली प्याज भी शामिल है। इस तरह करीब 24 लाख रुपए की प्याज बर्बाद हो रही है। संडाध के कारण मंडी के अनाज व्यापारी सहित कर्मचारी और यहां आने वाले किसान खासी दिक्कतों से गुजर रहे हैं। मुंह से कपड़ा लगाकर मंडी परिसर में घूम रहे हैं। बताया जा रहा है कि सलामतपुर और गैरतगंज मंडी में भी प्याज रखी है। यहां भी बाहरी हिस्से में रखी प्याज खराब होती जा रही है।
 
विपणन संघ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार कुल 38120.75 क्विंटल प्याज की खरीदी की गई थी। नागरिक आपूर्ति निगम को परिवहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें से 19200 क्विंटल प्याज नरसिंहपुर एवं जिले के अन्य गोदामों में भेजी गई है। निगम से मिली जानकारी के अनुसार 3830 क्विंटल प्याज पीडीएस दुकानों को भेजी गई है। लगभग 8480 क्विंटल प्याज नीलाम कर परिवहन कर दिया गया है। इस तरह 31 हजार 510 क्विंटल प्याज का परिवहन तो अधिकारियों द्वारा बताया जा रहा है। बाकी प्याज कहां और कब परिवहन हुई है। मंडी परिसर में कितनी प्याज रखी है और सड़ रही यह प्याज नीलामी की है या फिर पीडीएस की इस पर नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक डीके सक्सेना गोलमाल जबाब दे रहे हैं।
 
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खरीदी के दौरान परिसर में रखी प्याज का कई दिनों तक परिवहन नहीं किया गया। इस कारण शेडो में रखी नीचे की प्याज धीरे-धीरे सड़ती रही और अब बड़ी मात्रा में प्याज सड़ती जा रही है। खरीदी बंद होने के बाद करीब एक सप्ताह तक व्यापारियों ने छंटाई कर प्याज का परिवहन कर लिया। लेकिन अब ज्यादा खराब हो चुकी प्याज को व्यापारी नहीं ले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि नीलामी के दौरान व्यापारियों ने दस से पच्चीस हजार रुपए की राशि सुरक्षा के रूप में जमा की थी। इसके बाद जितनी प्याज का परिहवन होता गया, उतनी राशि व्यापारियों ने निगम को जमा करा दी। अब जो बाकी प्याज सड़ रही है, वह तो निगम के खाते में ही जा रही है। लेकिन अधिकारी मानने को तैयार नहीं है।
 
मंडी परिसर में प्याज खरीदी के लिए मंडी प्रबंधन द्वारा जगह दी गई थी। अब प्याज के परिवहन की जिम्मेदारी नागरिक आपूर्ति निगम की है। खरीदी की जिम्मेदारी विपणन संघ की है। इनके द्वारा समय पर परिवहन नहीं किया गया। इस संबंध में मंडी बोर्ड के अपर संचालक को जानकारी दी गई। इसके बाद मंंंंंंंडी बोर्ड से विपणन संघ और नागरिक आपूर्ति निगम को पत्र लिखे गए हैं। -उमेश शर्मा, मंडी सचिव

प्याज खरीदी विपणन संघ द्वारा की गई है। इसके परिवहन की जिम्मेदारी नागरिक आपूर्ति निगम को शासन ने सौंपी है। इसके साथ प्याज की नीलामी भी निगम द्वारा ही कराई गई है। -विनोद उपाध्याय, जिला प्रबंधक विपणन संघ

प्याज का अधिकतर परिवहन कर दिया गया है। पीडीएस को भी प्याज पहुंचा दी गई है। अब रायसेन मंडी में जो प्याज रखी है। वह नीलामी में व्यापारी द्वारा खरीदी गई प्याज है। इसमें हमारी जबाबदारी नहीं है, क्योंकि उस प्याज का परिवहन व्यापारी को स्वंय करना है। नीलामी के दौरान व्यापारी से पूरी राशि भी जमा करा ली गई है। -डीके सक्सेना, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो