राजगढ़. वाट्सएप पर एक गलत पोस्ट होने के बाद जिले के तलेन शहर में उस पोस्ट का विरोध हुआ और थाने जाकर शहर के ही लोगों ने पोस्ट डालने वाले इरफान खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इरफान के साथ ही एडमिन राजा गुर्जर को थाने में बुलाकर पूछताछ की। इस बीच राजा गुर्जर ग्रुप से लेफ्ट हो गया। राजा के लेफ्ट होने के बाद दो और ग्रुप सदस्य एडमिन बने। लेकिन एक के बाद एक तीन लोग लेफ्ट हुए और अगला नंबर जुनेद मेव का था। ऐसे में जुनेद मेव बाट्सएप के सिस्टम के तहत एडमिन बन गया। पुलिस यहां दबाव में थी और शीघ्र कार्रवाई करनी थी। ऐसे में पुलिस ने ग्रुप में अशलील और राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट डालने वाले इरफान के साथ जुनेद पर मामला दर्ज कर दिया। पुलिस की अधूरी जांच के कारण हुए मामला दर्ज के बाद पिछले पांच माह से जुनेद जेल में है और उस पर राष्ट्र द्रोह का प्रकरण चल रहा है।