नाथद्वारा. शहर के बस स्टैण्ड को अत्याधुनिक सुविधायुक्त बनाने के लिए मिराज समूह के द्वारा बनाए गए मॉडल बस स्टैण्ड का निर्माण पूरा हुए 6 माह हो चुके हैं, लेकिन अभी शहरवासियों को इसके उद्घाटन का इंतजार है। एक तरफ यह बस स्टैण्ड धूल फांक रहा है, जबकि दूसरी ओर प्रचंड गर्मी के दौर में यात्रियों को वर्तमान बस स्टैण्ड पर सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्व सुविधायुक्त इस मॉडल बस स्टैण्ड का उद्घाटन नहीं होने से एक तरफ यात्री सुविधाओ के अभाव में दिक्कत झेल रहे हैं, तो दूसरी ओर इसका उद्घाटन राजनीतिक उठापटक के दौर में ही अटका पड़ा है। ऐसे में रंगरोगन के साथ-साथ सभी सुविधाओं को लेकर काम पूरा होने के साथ उसकी देखरेख की व्यवस्थाएं भी हो जाने के बावजूद रोडवेज एवं प्राइवेट बस स्टैण्ड के वर्तमान में अस्थायी रूप से संचालित होने से एलिवेटेड पुल के नीचे एवं रोडवेज स्टैण्ड पर व्यवस्थाएं काफी बदहाल होती जा रही है। साथ ही गर्मी के मौसम में यात्रियों को धूप में परेशान होना पड़ रहा है।