केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, जिसके घर में 100 वर्ष से पुरानी बस्तुए हैं वे सभी पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा। जिसमें पंजीयन के लिए किसी प्रमाणिकता की जरूरत नहीं होगी। कोई भी चीज 100 वर्ष पुरानी है आवेदन देकर पंजीयन करा सकते हैं। शिल्पी मेले में देश के अंदर उन चीजों को बेंचा भी जा सकता है। देश के बाहर बेचना प्रतिबंधित रहेगा।
केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि, आज के दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज की स्थापना की थी। इसके साथ ही राष्ट्रीय पुलिस शहीद दिवस आज है। इन दोनों मायनों को आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। कहा कि, पुलिस कर्मियों के चरणों में नमन करते हैं। जिन्होंने संस्कृति देश व समाज की रक्षा के लिए बलिदान दिया है। हम समझते हैं कि संस्कृति में जीने का कारण सभी के पास है। लेकिन मरने का कारण पुलिस के पास है। सभी की मृत्यु पर शोक फैलता है लेकिन इनकी मृत्यु पर भारत की संस्कृति रोती नहीं गर्व करती है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, संस्कृति विभाग का यह बड़ा कार्यक्रम रीवा में करने का उद्देश्य है कि बड़े कलाकार छोटी जगह पर प्रस्तुति दे और छोटे कलाकारों को बड़े मंच पर प्रस्तुति देने का मौका मिले और वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करें।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, कार्यक्रम के अंत में अनुराधा पौडवाल शहीद के लिए गीत गाएंगी, तो वह श्रद्धांजलि होगी बहादुर जवानों के लिए। कहा कि, हमनें नक्सल क्षेत्र में काम किया है। ये उत्सव उन शहीदों के चरणों में अर्पित करता हूं।
सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि, विंध्य में इस तरह के राष्ट्रीय कार्यक्रमों की शुरुआत है। मंत्रालय ने रीवा में कार्यक्रम आयोजित कर यहां के लोगों का दिल जीत लिया है। देशभर के कलाकारों ने अलग -अलग भाषा, संस्कृति एवं चलन की प्रस्तुति दी। एक भारत श्रेष्ठ भारत इसका उद्देश्य है। सांसद गणेश ने आगामी दिनों में चित्रकूट एवं मैहर में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। कहा कि, वहां भी राष्ट्रीय संस्कृति के कार्यक्रम का अवसर मिले। इस दौरान रीवा सांसद जनार्दन मिश्र, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, महापौर ममता गुप्ता, विधायक केपी त्रिपाठी, आईजी चंचल शेखर, कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव, एसपी आबिद खान मौजूद रहे।