मऊगंज थाने के देवरी शिवमंगल सिंह निवासी अतुल पटेल गुरुवार की रात बाइक में सवार होकर घर जा रहा था। रात करीब 12 बजे वह जैसे ही पतियारी गांव के समीप पहुंचा तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। इस दौरान अतुल पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जबकि दूसरी बाइक में सवार यासीन मोहम्मद निवासी नरैनी थाना मऊगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने खून से लथपथ हालत में पड़े युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से उसे संजय गांधी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
शौच के लिए नहर में गया युवक पैर फिसलने से गिर गया। पानी में डूबे युवक का पांच घंटे बाद शव बरामद हुआ। घटना सिटी कोतवाली थाने के रतहरी गांव की है। रोहित विश्वकर्मा 28 वर्ष शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे नहर में शौच के लिए गया। इस दौरान युवक का पैर फिसल गया और वह नहर के अथाह जल में समा गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन युवक का पता नहीं चला।