जानकारी के अनुसार तमरा निवासी रामभजन द्विवेदी शनिवार की सुबह अपने बगीचे में आम तुड़वाने के लिए गए हुए थे। उनके साथ पड़ोसी ग्राम बांसी निवासी पार्वती चौधरी अपनी नातिन सालिनी चौधरी (११) के साथ आम बिन रही थी। सुबह करीब दस बजे अचानक बारिश शुरू हो गई जिससे तीन लोग पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक पेड़ में आकाशीय बिजली गिरी। इस दौरान रामभजन द्विवेदी व पार्वती चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नातिन पेड़ से कुछ दूरी पर थी जिससे वह झुलस गई। बारिश बंद होने के बाद जब लोग बगीचे तरफ गए तो दोनों के शव पड़े देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। परिजन तत्काल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस दो घंटे बाद घटना स्थल पर पहुंची। गावं के लोगों ने करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी और दो बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची जिससे स्थानीय लोग काफी आक्रोशित थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।