4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फर्जीवाड़ा: मुर्दे खा रहे मुफ्त में मिलने वाला राशन, पिछले एक सप्ताह में ढाई हजार मृत लोगों के नाम काटे

राशन वितरण में हर सदस्य की ई-केवाइसी शुरू की, तो उजागर हुआ फर्जीवाड़ा, 3.58 लाख लोग मिल ही नहीं रहे सागर. मुफ्त में मिलने वाले सरकारी राशन में जमकर फर्जीवाड़ा चल रहा है। राशन दुकान संचालकों की मिलीभगत से सालों से मृत, विवाहित और पलायन कर चुके लोगों को भी राशन वितरण हो रहा है। […]

2 min read
Google source verification

सागर

image

Nitin Sadaphal

May 20, 2025

राशन वितरण में हर सदस्य की ई-केवाइसी शुरू की, तो उजागर हुआ फर्जीवाड़ा, 3.58 लाख लोग मिल ही नहीं रहे

सागर. मुफ्त में मिलने वाले सरकारी राशन में जमकर फर्जीवाड़ा चल रहा है। राशन दुकान संचालकों की मिलीभगत से सालों से मृत, विवाहित और पलायन कर चुके लोगों को भी राशन वितरण हो रहा है। इस फर्जीवाड़े का खुलासा राशन लेने वाले परिवारों के हर सदस्य की ई-केवाइसी अनिवार्य करने के बाद हुआ है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पिछले एक सप्ताह में ही समग्र आइडी से मिले डाटा के आधार पर जिले में मृत हो चुके 2500 से ज्यादा लोगों को एम राशन मित्र पोर्टल से हटाया है। दरअसल शासन के निर्देश पर खाद्य विभाग जिले में संचालित 996 शासकीय राशन दुकानों से राशन लेने वाले परिवारों के हर सदस्य की ई-केवाइसी कर रहा है। विभाग के अनुसार जिले में राशन लेने परिवारों के सदस्यों की संख्या 18 लाख 82 हजार 979 है, जिसमें से अब तक लगभग 15.24 लाख सदस्यों की ई-केवाइसी कर दी गई, लेकिन 3.58 लाख ऐसे सदस्य हैं, जिनकी केवाइसी होना बाकी है।

जांच हो तो लाखों फर्जी लोग आ सकते हैं सामने

खाद्य विभाग के अनुसार जिले में हर माह औसतन 94 प्रतिशत राशन का वितरण होता है, यानी 1.13 लाख लोगों का राशन वितरण नहीं होता है। इन 1.13 लाख लोगों को यदि हटा भी दिया जाए तो आज की स्थिति में 2.45 लाख सदस्य ऐसे बचते हैं, जिनका अब तक कुछ अता-पता ही नहीं है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि यदि सही तरीके से जांच कराई जाए, तो फर्जी तरीके से राशन लेने वालों की संख्या लाखों में हो सकती है।

एक जून से नहीं मिलेगा राशन

कलेक्टर संदीप जीआर ने राशन लेने वाले हितग्राहियों की ई-केवाइसी तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद जिले में राशन दुकान संचालकों के साथ अन्य विभागों का अमला भी डोर-टू-डोर संपर्क करने के साथ शिविर लगाकर भी सदस्यों की ई-केवाइसी करा रहा है। पूर्व में बिना ई-केवाइसी कराने वालों को एक मई से राशन वितरण बंद किया जाना था, लेकिन इसकी समय सीमा एक माह बढ़ा दी गई। अब 31 मई के बाद 1 जून से उन्हीं लोगाें को राशन का वितरण किया जाएगा, जिनकी ई-केवाइसी हो चुकी है।

फैक्ट फाइल

996 राशन दुकान जिले में
1882979 लोगों को मिल रहा राशन
1524000 लोगों की हो चुकी ई- केवाइसी
350000 लोगों की ई- केवाइसी होना शेष
81 प्रतिशत केवाइसी हो चुकी

राशन लेने वाले प्रत्येक सदस्य की ई-केवाइसी कराई जा रही है। अब तक 81 प्रतिशत लोगों की केवाइसी हो चुकी है, लेकिन 3.58 लाख सदस्यों का पता ही नहीं चल रहा है। हमने एक सप्ताह में करीब ढाई हजार मृत व्यक्तियों के नाम भी काटे हैं और यह जांच-पड़ताल अभी भी जारी है।
- ज्योति बघेल, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक, सागर

Story Loader