नगरपालिका के मार्केट में ही नहीं कांप्लेक्स
सागर•Oct 20, 2019 / 08:23 pm•
sachendra tiwari
What kind of ODF city, complex not in main places
बीना. नगरपालिका क्षेत्र को ओडीएफ घोषित हुए करीब डेढ़ वर्ष हो चुका है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। शहर के मुख्य चौराहा, तिराहों, मुख्य बाजार में सुलभ कांप्लेक्स तो दूर अस्थाई व्यवस्था तक नहीं की गई है। त्योहार सहित अन्य दिनों में खरीदार करने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी होती है। इसके बाद अधिकारियों को इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।
शहर का मुख्य बाजार बड़ी बजरिया, सुपर मार्केट है। इसमें सुपर मार्केट नगरपालिका का ही मार्केट है, इसके बाद भी यहां कांप्लेक्स नहीं है। बाजार में त्योहारों के समय भी कोई व्यवस्था नहीं की जाती है, जिससे लोग परेशान होते हैं। सर्वोदय चौराहा, महावीर चौक, गांधी तिराहा, आंबेडकर तिराहा पर भी व्यवस्था नहीं है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं के लिए होती है। कुछ दिनों पूर्व सर्वोदय चौराहे पर से अस्थाई यूरिनल तक हटा लिए गए हैं।
आठ में से बन पाए सिर्फ दो कांप्लेक्स
नगरपालिका द्वारा शहर में आठ सुलभ शौचालय बनाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन सिर्फ दो कांप्लेक्स ही वार्डों में बन पाए हैं। नईसब्जी मंडी के यहां गड्ढे भी हो गए थे, लेकिन बाद में यहां काम रुकवा दिया गया है। अन्य जगहों पर विवाद की स्थिति होने के कारण काम रोक दिया है और दूसरी जगह का चयन नहीं किया गया है। नगरपालिका द्वारा नई जगह की तलाश भी नहीं की गई है।
जहां रखे यूरिनल वहां नहीं हो रही सफाई
शहर कुछ जगहों पर अस्थायी सार्वजनिक यूरिनल रखे गए हैं और इनके ऊपर एक पानी की टंकी भी लगाई है जो कभी भरी नहीं जाती है, पानी के अभाव और सफाई न होने के कारण यहां गंदगी पसरी हुई है। यहां जाने वाले लोगों को संक्रमण का खतरा बना रहता है। गंदगी अंदर से लेकर बाहर तक फैली हुई है।
रखे जाएंगे मोबाइल टॉयलेट
जगह न होने के कारण छह कांप्लेक्स नहीं बन पाए हैं और अब अस्थाई मोबाइल टॉयलेट मंगाए जा रहे हैं। त्योहर के समय बाजार में भी यही टॉयलेट रखवाए जाएंगे, जिससे लोगों को परेशान न हो।
शिवराम साहू, उपयंत्री, नपा