
Sambhal News Today: संभल में नेशनल हाईवे पर घना कोहरा होने की वजह से भीषण सड़क हादसा हुआ है। महिला मरीज और उसके तीमारदारों को वापस लौटकर आ रही एंबुलेंस की भिड़ंत गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से हो गई। जिसमें एंबुलेंस का चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए। सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर डायल 112 पहुंची। उसके बाद आई थाना पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है।
गन्ना किसानों का चल रहा सीजन
गन्ना किसानों का सीजन चल रहा है और ट्रैक्टर-ट्राली ओवरलोड गन्ना लेकर दौड़ रही है, सर्दी के मौसम में हाईवे पर घना कोहरा है, जिसकी वजह से वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है और आस-पास का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। एंबुलेंस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर होने का पूरा मामला जनपद संभल के थाना गुन्नौर क्षेत्र के मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे स्थित बर्दमार नदी का है।
मरीज को छोड़कर लौट रही थी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर की 102 एंबुलेंस प्रसूतक को उसके गांव कैल पहुंचाकर वापस लौट रही थी तभी गन्ने से लदी ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्राली ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी, इस सड़क हादसे में एंबुलेंस का चालक गुड्डू एवं परिचालक नेत्रपाल बाल-बाल बच गए, उधर सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर डायल 112 पुलिस पहुंची और उसके कुछ देर बाद थाना पुलिस भी पहुंच गई, पुलिस ने गन्ना ट्रैक्टर-ट्राली मालिक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की है, ट्रैक्टर-ट्राली और एंबुलेंस के बीच ग्रंथ इतनी तेज हुई कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बाल-बाल बचे चालक-परिचालक
एंबुलेंस चालक गुड्डू ने बताया कि सड़क पर कोहरा अधिक था जिसकी वजह से यह हादसा हो गया, उसने बताया कि हम गांव कैल में एक महिला मरीज और उसके तिमारदारों को छोड़कर वापस लौट रहे थे, सड़क हादसे में हमें कोई चोट नहीं आई है। थाना पुलिस ने कहा कि एक सड़क हादसा हुआ था जिसमें सरकारी एंबुलेंस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर हुई थी, इस घटना में किसी के भी कोई चोट नहीं आई है एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हुई है।
Published on:
29 Dec 2023, 11:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.