scriptतंदूरी रोटी के लिए मारपीट करने लगे बाराती, लड़की वालों ने लौटा दी बारात | At the wedding, the baratis clashed for the tandoori roti | Patrika News
सतना

तंदूरी रोटी के लिए मारपीट करने लगे बाराती, लड़की वालों ने लौटा दी बारात

लड़की के चाचा-भाई सहित पांच लोग घायल, कोलगवां थाना क्षेत्र के कैमा बस्ती की घटना

सतनाMay 12, 2022 / 11:45 am

Manish Gite

sat.png

सतना। शहर की कैमा बस्ती में मंगलवार रात एक शादी समारोह में जमकर मारपीट हुई। वरमाला के बाद भोजन के दौरान हुए इस विवाद में लड़की के चाचा व भाई सहित पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बारातियों के इस उत्पात को देखते हुए वधु पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। लिहाजा, बारात आधी-अधूरी रस्मों के बीच लौटानी पड़ी।

 

वधु के चाचा गोरेलाल वर्मा ने बताया, कुछ बाराती शराब के नशे में चूर थे और बहु-बेटियों से बदतमीजी कर रहे थे, विरोध करने पर 20-25 लोगों ने हमला कर दिया। विवाद भोजन के दौरान उस समय बढ़ा, जब तंदूरी रोटी के लिए कुछ बाराती आपस में भिड़ गए। समझाइश देने पर लड़की के भाई पर ही टूट पड़े। झगड़े के बाद वरपक्ष के लोग दूल्हे को लेकर चले गए। जबकि, लड़की के चाचा ने भतीजी की शादी कराने से इंकार कर दिया। बारात कोठी थाना क्षेत्र के दिदौध गांव से आई थी। द्वारचार व वरमाला की रस्म पूरी हो चुकी थी, लेकिन चढ़ाव, भांवर व विदाई जैसी रस्में नहीं हो पाईं।

 

अनाथ है लड़की, चाचा करा रहे थे व्याह

कोलगवां थाना से महज पांच किमी दूर जिस कैमा बस्ती में यह विवाद हुआ, वह बाबुपुर चौकी में आती है। जिस 20 वर्षीय लड़की की शादी हो रही थी, वह आनाथ है। माता-पिता का देहांत हो गया है। चाचा गोरेलाल वर्मा ही पालन पोषण कर रहे थे। शादी भी उन्होंने ही कराई थी। बताया कि शादी के लिए मजदूरी कर कुछ पैसा एकत्रित किया था, जबकि कुछ राशि कर्ज में उठाई थी।

 

दूल्हे के मामा व उसके लड़कों ने की मारपीट

जिला अस्पताल में भर्ती दुल्हन के चचेरे भाई सत्येंद्र वर्मा ने बताया, हमलावरों में दूल्हा छेदीलाल के मामा व उसके लड़के शामिल थे। रात 1.30 बजे तंदूरी के लिए हुए विवाद में भाई अजय समझाइश दे रहा था, तभी 20 से 25 लोगों ने लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने गया तो मुझे भी जख्मी कर दिया।

 

लड़की के चाचा व भाई सहित पांच घायल

झगड़े में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें लड़की के चाचा गोरेलाल वर्मा, भाई संजीत वर्मा, लाला वर्मा, सत्येंद्र वर्मा व रिश्तेदार रागिनी वर्मा शामिल हैं। संजय चौधरी का हाथ टूट गया है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर प्रकरण कायम कर लिया है।

Home / Satna / तंदूरी रोटी के लिए मारपीट करने लगे बाराती, लड़की वालों ने लौटा दी बारात

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो