script10वीं की एक कॉपी जांचने के लिए मिलेंगे 12 रुपए और 12वीं के लिए मिलेंगे 13 रुपए | You will get Rs 12 for checking a copy of 10th and Rs 13 for 12th | Patrika News

10वीं की एक कॉपी जांचने के लिए मिलेंगे 12 रुपए और 12वीं के लिए मिलेंगे 13 रुपए

locationसिवनीPublished: Mar 19, 2020 08:13:53 pm

Submitted by:

sunil vanderwar

958 मूल्यांकनकर्ता पर होगी अहम जिम्मेदारी

10वीं की एक कॉपी जांचने के लिए मिलेंगे 12 रुपए और 12वीं के लिए मिलेंगे 13 रुपए

10वीं की एक कॉपी जांचने के लिए मिलेंगे 12 रुपए और 12वीं के लिए मिलेंगे 13 रुपए

सिवनी. माध्यमिक शिक्षा मण्डल की परीक्षाएं जारी हैं और इसी के साथ उत्तरपुस्तिकाओं (कॉपी) का मूल्यांकन कार्य भी शुरु होने जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा हाइस्कूल व हायर सेकण्डरी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य दो चरणों में पूरा होना है। मूल्यांकन कार्य की गोपनीयता व सुरक्षा के लिए मूल्यांकन केन्द्र शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मण्डल के जारी निर्देश अनुसार उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन को सतर्कता के साथ करने के निर्देश देते कहा गया है कि मूल्यांकनकर्ता के द्वारा त्रुटि होने पर प्रत्येक अंक पर 100 रुपए की राशि कटौती की जाएगी। यह कटौती मूल्यांकनकर्ता के अलावा मूल्यांकन अधिकारी, उपमुख्य व मुख्य परीक्षक को सम्मिलित कर की जाएगी।
10वीं की उत्तरपुस्तिका जांचेंगे 494 शिक्षक
हाइस्कूल के लिए निर्धारित मूल्यांकनकर्ताओं की संख्या में विज्ञान के लिए १३३, संस्कृत के लिए ९२, सामाजिक विज्ञान के लिए १३२, गणित के लिए १३३, उर्दू के लिए १, आईटी के लिए ३ शिक्षक चयनित हैं। इस तरह कुल ४९४ शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए केन्द्र पर उपस्थित होने के लिए आदेशित किया गया है।
12वीं की उत्तरपुस्तिका जांचने 464 को आदेश –
हायरसेकेण्डरी परीक्षा वर्ष २०२० के प्रश्नपत्रों का मूल्यांकन करने इतिहास के ११, इनफर. प्रेक्टिस के लिए ५, बहीखाता १४, कृषि के ६, हिन्दी के ७०, भौतिकशास्त्र के ३४, भूगोल के ५३, रसायनशास्त्र के ४३, संस्कृत के १०, समाजशास्त्र के ३, सुरक्षा के १, व्यावसायिक शिक्षा के २, व्यावसायिक अर्थशास्त्र के २, वाणिज्य के ६, जीवविज्ञान के ४८, अंग्रेजी के ४४, अर्थशास्त्र के ४६, आईटी के १, गृहविज्ञान के ४ एवं गणित विषय के लिए ६१ शिक्षकों को शामिल किया गया है। इस तरह हायर सेेकेण्डरी के 464 मूल्यांकनकर्ता शिक्षकों को आदेशित किया गया है।
तय समय में करनी है जांच
इस कार्य में पहले चरण के लिए जिले से 958 मूल्यांकनकर्ताओं (वेल्यूअर) की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें ४६४ हायर सेकंडरी (बारहवीं) के लिए, तो वहीं 494 मूल्यांकनकर्ता हाईस्कूल (दसवीं) की उत्तरपुस्तिका जांचेंगे। इन सभी के नाम ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। सिवनी में हर साल ३ लाख से ज्यादा उत्तरपुस्तिकाएं जांची जाती हैं। इसकी वजह से जिले में इस वर्ष भी इतनी ही संख्या में उत्तरपुस्तिकाओं के आने की उम्मीद की जा रही है। मूल्यांकन कार्य के लिए समय भी निर्धारित होगा, इसमें देरी पर मण्डल द्वारा सम्बंधितों से जवाब-तलब कर कार्रवाई भी की जा सकती है।
एक दिन पूर्व आएंगी उत्तरपुस्तिका –
कक्षा दसवीं और बारहवीं की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन कार्य से एक दिन पूर्व ही जिले की समन्वयक संस्था में पहुंचेंगी। मिली जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मण्डल इन उत्तर पुस्तिकाओं को दूसरे जिले की समन्वयक संस्थाओं से सीधे ट्रांसफर करेगा। सील बंद स्ट्रांग रुम की सुरक्षा के लिए सीसीटीव्ही कैमरे, 1-4 की गार्ड 24 घंटे मौजूद रहेंगे।
मूल्यांकनकर्ता पाएंगे इतने रुपए-
मूल्यांकन कार्य के दौरान एक मूल्यांकनकर्ता अधिकतम 45 और न्यूनतम 30 उत्तर पुस्तिकाओं को जांच सकता है। मूल्यांकनकर्ता को कक्षा 10वीं के लिए 12रुपए प्रति कॉपी और 12वीं के लिए 13 रुपए प्रति कॉपी मूल्यांकन राशि दी जाएगी। मुख्य परीक्षक को 600 रुपए प्रतिदिन वाहन भत्ता सहित, उपमुख्य परीक्षक को 530 रुपए वाहन भत्ता सहित प्रदान किए जाएंगे।
पहले चरण में जंचेंगे ये विषय –
मूल्यांकन केन्द्र के प्रभारी पीपी पाण्डे ने जानकारी देते बताया कि मूल्यांकन कार्य दो चरणों में होना है। प्रथम चरण में ०२ से १७ मार्च तक हो चुकी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन होगा। इसके उपरांत १९ से ३१ मार्च तक आयोजित होने वाली परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन दूसरे चरण में होगा। मूल्यांकन का समय सुबह १०:३० बजे से शाम ०६ बजे तक होगा।
इनका कहना है-
मूल्यांकन केन्द्र में उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा, मूल्यांकन विधिवत होगी। सभी जरूरी कार्य पूर्ण किए जा रहे हैं। मूल्यांकनकर्ता शिक्षकों को निर्देशित कर दिया गया है।
जीएस बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी।

ट्रेंडिंग वीडियो