
श्योपुर में 3 दिन से जारी है मुसलाधार बारिश, कई गांवाें में घुसा पानी, राजस्थान से टूटा संपर्क, 30 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया
श्योपुर/ मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिसके चलतते जगह जगह बाढ़ के हालात बन गए हैं। मध्य प्रदेश का श्योपुर जिले के कई कस्बे और गांव पिछले 3 दिनों से भारी बारिश के कारण बाढ़ से घिरे हुए हैं। आलम ये है कि, प्रभावित इलाकों में लोगों का रेस्क्यू करने के लिये NDRF और SDRF की टीमें पहुंच गई हैं।यहां बाढ़ में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट करके सुरक्षित स्थान पर भेजने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि, 24 घंटों के दौरान श्योपुर में 5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है और अब भी बारिश का सिलसिला जारी है। दरअसल, मानसून के सिस्टम के दक्षिण बिहार से यूपी तरफ शिफ्ट होने से जिले समेत आसपास के इलाकों में घनघोर बारिश हो रही है।
पढ़ें ये खास खबर- बाढ़ में घिरे 250 से अधिक गांव, शिवराज सरकार ने मांगी वायुसेना की मदद
3 दिन से श्योपुर और राजस्थान के बीच संपर्क टूटा
बता दें कि, पिछले तीन दिनों से जिले में लगातार बारिश जारी है। 12 घंटे में साढ़े 3 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि मुसलाधार बारिश का सिलसिला अब भी जारी है। इसकी वजह से पार्वती, कूनो, क्वारी और सीप नदियां उफान पर हैं। आलम ये है कि, श्योपुर जिला टापू में तब्दील हो गया है। श्योपुर जिला और उसके कस्बे कराहल, विजयपुर, श्योपुर और बड़ौदा में पानी भर गया है। पिछले तीन दिनों से श्योपुर का राजस्थान से संपर्क टूटा हुआ है।
NDRF और SDRF की टीम ने किया रेस्क्यू
श्योपुर में लगातार बारिश की वजह से जिला टापू बना हुआ है। विजयपुर में बाढ़ का पानी घुसने से कोठारी पैलेस और आसपास के घरों में 30 लोग फंस गए, जिन्हें दो घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाला गया। सभी 30 लोगों को सकुशल रेस्क्यू कर निकाला जा चुका है। हाईवे पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इसकी वजह से श्योपुर का राजस्थान से तीसरे दिन भी संपर्क कटा हुआ है।
भिंड में 10 घंटे से लगातार जारी है मूसलाधार बारिश, जनजीवन अस्त व्यस्त - देखें video
Published on:
2 Aug 2021, 3:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.