scriptबेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें | Unseasonal rains increased farmers' problems | Patrika News
शिवपुरी

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें

देश एक ओर जहां कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ रहा है, वहीं मौसम भी अब किसानों का बैरी बन रहा है। शुक्रवार को हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीती रात और शुक्रवार की सुबह हुई बारिश और चली तेज हवाओं से फसलें आड़ी हो गई हैं।

शिवपुरीMar 27, 2020 / 10:27 pm

Rakesh shukla

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें

शिवपुरी/श्योपुर. देश एक ओर जहां कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ रहा है, वहीं मौसम भी अब किसानों का बैरी बन रहा है। शुक्रवार को हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीती रात और शुक्रवार की सुबह हुई बारिश और चली तेज हवाओं से फसलें आड़ी हो गई हैं। जिसके किसानों को काफी नुकसान हुआ है। जिले में रातभर में 7.5 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है।

यूं तो जिले में बीते दो दिन से मौसम बिगड़ा हुआ था, लेकिन शुक्रवार की रात्रि को तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद शहर में सुबह 10 बजे के आसपास फिर बारिश शुरू हो गई जो सुबह 11 बजे तक जारी रही। रिमझिम बारिश के चलते जहां मौसम तो सुहाना हो गया, लेकिन ये किसानों के लिए कोरोना के संकट से भी जयादा खतरनाक है। बीती रात और सुबह हुई तेज बारिश से जिले के कई इलाकों में गेहंू और चना की फसल आड़ी पड़ गई, वहीं कई खेतों में कटी पड़ी फसलों के बंडल उड़ गए। शिवपुरी, श्योपुर क्षेत्र के साथ ही मानपुर, बड़ौदा, कराहल, सोंई, विजयपुर, वीरपुर आदि क्षेत्रों में हवा-पानी से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
कराहल में सबसे ज्यादा 18 मिमी बारिश
भू अभिलेख विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में जिलेभर में 7.5 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। इसमें सबसे ज्यादा कराहल तहसील क्षेत्र में 18 मिमी बारिश हुई है। जबकि श्योपुर तहसील क्षेत्र में 8.5, बड़ौदा तहसील में 2.0, विजयपुर में 6.0 और वीरपुर में 3.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
तापमान में गिरावट
बेमौसम की बारिश के चलते जहां फसलें प्रभावित हुई हैं, वहीं तापमान में भी असर पड़ा है। बारिश बाद दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। जबकि गुरुवार को न्यूनतम 21 और अधिकतम 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम का दबाव बना हुआ है, लिहाजा अभी बारिश की संभावना है। लेकिन आज के बाद आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है।
रमेशचंद शर्मा, मौसम प्रेक्षक श्योपुर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो