script70 साल में नहीं जम पाई कोई भी पार्टी ! शीला दीक्षित की अगुवाई में बनी थी ‘तिवारी कांग्रेस’, मिली थी सिर्फ 4 सीट | Lok Sabha Election 2024: parliamentary seat has never been directly held by any one party. | Patrika News
सीधी

70 साल में नहीं जम पाई कोई भी पार्टी ! शीला दीक्षित की अगुवाई में बनी थी ‘तिवारी कांग्रेस’, मिली थी सिर्फ 4 सीट

– सीधी संसदीय सीट कभी नहीं रही किसी एक पार्टी के कब्जे में- सोशलिस्ट पार्टी से बने थे पहले सांसद, अब तक निर्वाचित हो चुके हैं 19 सांसद

सीधीApr 02, 2024 / 08:03 am

Ashtha Awasthi

maxresdefault.jpg

सीधी। सीधी संसदीय सीट पर 70 साल में कोई भी पार्टी अपनी जड़ नहीं जमा पाई। यहां के समीकरण बदलते रहे। मतदाताओं ने भी निर्दलीय से लेकर सभी दल पर भरोसा जताया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह के गृह जिले की इस सीट पर कांग्रेस का भी कभी एकाधिकार नहीं रहा। 1952 से अब तक यहां से 19 सांसद निर्वाचित हुए। सात बार भाजपा तो छह बार कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इस सीट के पहले सांसद सोशलिस्ट पार्टी के भगवानदत्तशास्त्री निर्वाचित हुए थे। निर्दलीय प्रत्याशी राव रणबहादुर सिंह भी भारी बहुमत से सांसद निर्वाचित होने में सफल रहे हैं। इस बार 20वें सांसद की सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

 

1996 में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह कांग्रेस से विमुख होकर तिवारी कांग्रेस में शामिल हो गए थे। देश के कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। हालांकि तिवारी कांग्रेस सिर्फ सीधी संसदीय सीट से चुनाव जीतने में सफल हो पाई थी। तिलकराज सिंह राजू भाजपा प्रत्याशी मानिक सिंह को महज 8204 मत से परास्त करते हुए सांसद बने थे। पार्टी के संस्थापक माने जाने वाले अर्जुन सिंह खुद 1996 में सतना लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे, जहां उन्हें बसपा प्रत्याशी सुखलाल कुशवाहा से हार का सामना करना पड़ा था।

 

जानकार बताते हैं कि वीपी नरसिंहा राव सरकार से नाराज होकर अर्जुन सिंह ने एनडी तिवारी व शीला दीक्षित की अगुवाई में तिवारी कांग्रेस नाम से राजनीतिक दल का गठन किया था। 1996 के चुनाव में तिवारी कांग्रेस को देश में महज चार सीट ही मिली थी। तत्कालीन अविभाजित मप्र से सीधी से तिलकराज सिंह, लोकसभा सीट झुनझुन राजस्थान से शीशराम ओझा, टिहरी लोकसभा सीट उत्तराखंड से सतपाल महाराज, हल्द्वानी लोकसभा सीट उत्तराखंड से नारायणदत्त तिवारी ही जीत सके थे।

 

सीधी संसदीय सीट में सबसे ज्यादा मतों के प्रतिशत से निर्दलीय प्रत्याशी राव रणबहादुर सिंह जीते थे। रणबहादुर सिंह को 71.06 प्रतिशत वोट मिले थे। उसके बाद दूसरा नाम कांग्रेस सांसद मोतीलाल सिंह 61.8 प्रतिशत, तीसरा नाम भारतीय लोक दल प्रत्याशी सूर्य नारायण सिंह 55.97 प्रतिशत, चौथा नाम रीती पाठक का है। रीती विगत 2019 के लोकसभा चुनाव में 54.44 प्रतिशत मत पाकर सांसद बनी थीं।

सीधी संसदीय सीट में तीन बार उपनिर्वाचन भी हो चुका है। 1955 में मानचंद्र जोशी, 1977 में रविनंदन सिंह व 2007 में मानिक सिंह सांसद निर्वाचित हो चुके हैं।

Home / Sidhi / 70 साल में नहीं जम पाई कोई भी पार्टी ! शीला दीक्षित की अगुवाई में बनी थी ‘तिवारी कांग्रेस’, मिली थी सिर्फ 4 सीट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो