
राजस्थान में यहां लगातार तीसरे दिन बारिश, खेतों में भरा पानी, बर्बाद हुई फसलें
सीकर. राजस्थान में लौटकर आया मानसून सीकर जिले में लगातार तीसरे दिन बरस रहा है। जिले के नीमकाथाना, अजीतगढ़, श्रीमाधोपुर, खंडेला व सीकर शहर सहित कई इलाकों में सुबह से बरसात का दौर रुक- रुककर जारी है, जो हल्की तो कहीं मध्यम गति से बरस रही है। बरसात से तापमान में कमी के साथ मौसम सुहाना हो गया है, लेकिन किसानों के लिए बारिश कहर बनकर बरस रही है। नीमकाथाना के टोडा, अजीतगढ़ व श्रीमाधोपुर सहित कई इलाकों में खेतों में पानी भरने के साथ कटी हुई फसलें बह गई है। सबसे ज्यादा नुकसान ग्वार व बाजरे की फसल को हुआ है। जो सैंकड़ो हैक्टेयर में बर्बाद हो चुकी है। किसानों के अनुसार बारिश से चंवला, मूंग व मूंगफली की फसलें भी बरसात से प्रभावित हुई है। रबी की फसल की बुवाई भी अब देरी से होगी।
नीमकाथाना में सबसे ज्यादा बारिश
जिले में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश नीमकाथाना में दर्ज हुई है। जिला कंट्रोल रूम के मुताबिक नीमकाथाना में 35 एमएम बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा पाटन में 26, खंडेला व लक्ष्मणगढ़ में 16-16, श्रीमाधोपुर में 9, नेछवा में 7, सीकर में 3 तथा रामगढ़ शेखावाटी व फतेहपुर में एक- एक एमएम बरसात दर्ज हुई है।
आज भी अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में बरसात का दौर आगामी दो से तीन दिन और जारी रहेगा। इस दौरान सीकर में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
Updated on:
23 Sep 2022, 1:44 PM IST
Published on:
23 Sep 2022, 1:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.