scriptकबाड़ में मिला 5.4 करोड़ का सोना | Gold worth 5.4 million found in junk | Patrika News
मुंबई

कबाड़ में मिला 5.4 करोड़ का सोना

दुबई से मंगाया गया था 100 टन स्क्रप

मुंबईApr 06, 2019 / 08:40 pm

arun Kumar

Gold worth 5.4 million found in junk

Gold worth 5.4 million found in junk

पीतल की पुरानी पाइप ने उगले सोने के बिस्कुट

मुंबई.

हवाई अड्डों पर सख्त चौकसी के बीच तस्कर विदेश से सोना लाने के लिए नई-नई तरकीब अपना रहे हैं। इसी का नतीजा है कि अब भंगार (कबाड़) भी सोना उगलने लगा है। देश के सबसे बड़े बंदरगाह जेएनपीटी में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने विदेश से मंगाए गए भंगार से 5.4 करोड़ रुपए को सोना पकड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार दुबई से कई टन भंगार आयात किया गया था। भंगार की खेप में पीतल की पुरानी पाइप भी शामिल थीं। डीआरआई अधिकारियों को पीतल की इन्हीं पाइप से 19 किलो सोना मिला। पीतल की पाइप में सोने के बिस्कुट भर हुए थे। यह भंगार शौर्य एक्जिम नामक कंपनी ने मंगाया था। शुक्रवार को आयातक राजेश भानुशाली को गिरफ्तार कर लिया गया।
सोने के 163 बिस्कुट

दुबई से पांच कंटेनरों में भरा 100 टन भंगार मंगाया गया था। पूरे भंगार की जांच के बाद अधिकारियों की नजर पीतल की पाइप पर गई। जैसे ही पाइप का मुंह खोला गया, वह सोने के बिस्कुट उगलने लगी। पीतल की पुरानी पाइपों से एक-दो नहीं कुल 163 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए।
पहले प्रोटीन आयात करता था आरोपी

मिली जानकारी अनुसार भानुशाली पहले विदेश से भारत में प्रोटीन पावडर का आयात करता था। दो साल पहले उसने वह काम बंद कर दिया। अधिकारियों ने बतायाा, हम राजेश से पूछताछ कर रहे हैं। यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने सोने की तस्करी कब से शुरू की और अब तक कितना सोना यहां ला चुका है।
अब तक 210 किलो सोना जब्त

सोना तस्करी से जुड़े रैकेट का भंडाफोड़ करने में डीआरआई को बड़ी कामयाबी मिली है। अप्रैल, 2018 से लेकर अब तक डीआरआई 210 किलो सोना जब्त कर चुकी है। पिछले हफ्ते दो टैक्सियों से 110 किलो सोना बरामद किया गया था।
ज्वैलर के शामिल होने का शक

डीआरआई अधिकारियों को शक है कि भानुशाली के साथ सोना तस्करी में कुछ ज्वैलर भी शामिल हो सकते हैं। भंगार के साथ मंगाए गए सोने का इस्तेमाल आभूषण बनाने में किया जानेवाला था। अभी तक आरोपी ने इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो