scriptईश्वर की प्राप्ति सिर्फ मनुष्य जीवन में संभव, अन्य में नहीं | Receiving God is possible only in human life not in other | Patrika News
श्री गंगानगर

ईश्वर की प्राप्ति सिर्फ मनुष्य जीवन में संभव, अन्य में नहीं

ईश्वर की प्राप्ति मनुष्य जीवन में संभव है, अन्य जन्मों में नहीं। मनुष्य को एकाग्रता से ईश्वर का नाम सिमरना चाहिए। यह बात डेरा राधा स्वामी व्यास प्रमुख

श्री गंगानगरNov 30, 2017 / 07:14 am

pawan uppal

Radha Swami Dera News
सूरतगढ़/ सिद्धुवाला.

ईश्वर की प्राप्ति मनुष्य जीवन में संभव है, अन्य जन्मों में नहीं। मनुष्य को एकाग्रता से ईश्वर का नाम सिमरना चाहिए। यह बात डेरा राधा स्वामी व्यास प्रमुख बाबा गुरिन्दर सिंह ने बुधवार को लालपुरा पालीवाला डेरा राधा स्वामी में सत्संग के दौरान कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मानव ईश्वर की प्राप्ति के लिए सरल से सरल साधन ढूंढने के प्रयास में रहता है। भक्ति बिना ईश्वर की कामना करना असंभव है। इसके लिए सच्चे मन से तप की आवश्यकता है।
बाबा गुरिन्दर सिंह ने कहा कि मनुष्य चाहे किसी भी धर्म का हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। धर्म व जाति का ईश्वर भक्ति से कोई संबंध नहीं है। सभी को अपने-अपने कर्मों का हिसाब देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लड़ाई-झगड़े से किसी का भी भला नहीं होता जबकि प्रेम व भाईचारा से रिश्ते और ज्यादा मजबूत होते हैं। मनुष्य को जीवन का महत्व समझते हुए सद्कर्म करने चाहिएं। इस अवसर पर बाबा गुरिन्दर सिंह ने मीराबाई व कबीरदास के प्रसंग भी सुनाए।

…और पण्डाल में छा गई खामोशी
लालपुरा पालीवाला डेरा राधा स्वामी में बाबा गुरिन्दर सिंह के सत्संग को लेकर सुबह से ही मुख्य शैड के नीचे श्रद्धालु पंक्तिबद्ध रूप से बैठे इंतजार कर रहे थे। उन्होंने सुबह करीब दस बजे जैसे ही सत्संग प्रारम्भ किया, तो शैड में खामोशी छा गई। हर कोई हाथ जोड़कर बाबा गुरिन्दर सिंह के मुख से प्रवचनों को ध्यान लगाकर सुन रहा था। यह सत्संग 11 बजकर 5 मिनट तक चला। इसके बाद बाबा गुरिन्दर सिंह 11.22 बजे विशेष हैलीकॉप्टर से रवाना हो गए।

हाईवे पर हुई जाम जैसी स्थिति


पुलिस व सेवादारों की ओर से हाईवे रोड पर यातायात व्यवस्था नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सत्संग समाप्ति के बाद लालपुरा डेरे से पालीवाला तक रोड पर एकबारगी जाम जैसी स्थिति हो गई। श्रीगंगानगर से सूरतगढ़ आने वाले वाहन रेंगते हुए आ रहे थे। मुख्य सत्संग के मद्देनजर संघर, भगवानसर, गुरुसर मोडिया, ढाबा झालार मोड़ पर सदर थाने का स्टाफ तैनात रहा। सत्संग समाप्त होने के बाद वाहनों को अलग अलग रूट से निकाला गया।

डेरे में दिखा सेवा का जज्बा
लालपुरा पालीवाला डेरा राधा स्वामी में बाबा गुरिन्दर सिंह के आवागमन को लेकर सेवादार करीब एक सप्ताह से सेवा कार्य में जुटे रहे। सोमवार को बाबा गुरिन्दर सिंह के आने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। डेरे में अलग अलग स्टॉलों पर सेवादारों ने चौबीस घण्टे ड्यूटी दी। सेवादारों के जज्बे को देखकर श्रद्धालुओं ने भी कंठमुक्त प्रशंसा की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो