scriptफरलो पर मिले 64 अस्थायी कार्मिकों की सेवाएं समाप्त | Patrika News
श्री गंगानगर

फरलो पर मिले 64 अस्थायी कार्मिकों की सेवाएं समाप्त

– नगर परिषद की औचक जांच में डयूटी से गायब थे 91 स्थायी सफाई कार्मिक
फरलो पर मिले 64 अस्थायी कार्मिकों की सेवाएं समाप्त

श्री गंगानगरMay 17, 2024 / 12:06 am

surender ojha

श्रीगंगानगर। नगर परिषद प्रशासन ने शहर की सफाई व्यवस्था के लिए लगाए गए कार्मिकों की हाजिरी जांची तो 91 स्थायी सफाई कार्मिक गायब मिले जबकि 64 अस्थायी कार्मिक डयूटी पर नहीं आए। नगर परिषद आयुक्त यशपाल आहुजा ने स्थायी सफाई कार्मिकों को नोटिस जारी किए हैं जबकि 64 अस्थायी कार्मिकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा वर्दी पहनकर नहीं आए कार्मिकों की सूची तैयार कर अलग से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। आयुक्त ने बताया कि डयूटी पर गैर हाजिर मिलने पर अस्थायी सफाई कर्मिकों की तत्काल सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया अपनाई गई हैं। आयुक्त ने बताया कि सफाई कार्मिकों की रोजाना अपने अपने कार्य स्थल पर सुबह साढ़े छह बजे से सुबह साढ़े नौ बजे तक और दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक डयूटियांं करने के लिए पाबंद किया जा चुका हैं।


इस वार्ड में सफाई निरीक्षक भी गायब

आयुक्त ने बताया कि बसंती चौक के पास वार्ड 27 की पार्षद सरस्वती स्वामी की बार बार शिकायत आई कि उनके वार्ड में कोई कार्मिक नियमित रूप से नहीं आ रहा है। इस वार्ड की जांच करने के लिए जेईएन सिद्धार्थ जांदू मौके पर पहुंचे। वहां सफाई निरीक्षक तक नहीं मिला। उसे कॉल की गई तो उसका फोन स्वीच ऑफ मिला। इस वार्ड के लोगों से फीडबैक लिया तो उन्होंने बताया कि यहां कभी कभार सफाई कार्मिक आते हैं।

अब नहीं चलेगा अंगूठा सिस्टम


आयुक्त ने बताया कि सफाई कार्मिकों की हाजिरी का सिस्टम भी बदल दिया गया है। अब तक सफाई निरीक्षक हाजिरी रजिस्टर में सिर्फ हाजिर होने पी या गैर हाजिर पर ए शब्द अंकित किया जाता था। लेकिन अब साइन करवाएं जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद कैम्पस में दोपहर की हाजिरी से पहले यहां आकर साइन करने के लिए कार्मिकों को पाबंद किया गया है। इससे भौतिक सत्यापन स्वत: हो सकेगा।

मूल कार्मिक घर पर परिजन लगा रहे झाडू

नगर परिषद आयुक्त के समक्ष कई लोग पेश हुए और अपनी अपनी पीड़ा बताई। एक ने बताया कि वह अपनी मां की जगह वार्ड में झाडू लगाता हैं। वह किसी काम की वजह से डयूटी पर नही आया तो उसकी मां के नाम नोटिस जारी हुआ है। किसी ने अपनी बहन के नाम तो किसी ने अपने पिता की जगह तो किसी ने अपनी साली की जगह डयूटी करना बताया।

अभियंताओं को दी वार्डो की कमान


इस बीच, सभापति गगनदीप कौर पांडे ने बताया कि वार्डो में सफाई निरीक्षकों के साथ नगर परिषद के जेईएन, एईएन और एटीपी की डयूटियां लगाई है। ये अधिकारी संबंधित वार्डो में सफाई कार्मिकों की हाजिरी, वर्दी और कचरा उठाव करने वाली ट्रॉलियों की आवाजाही के बारे में अपनी रिपोर्ट रोजाना आयुक्त के समक्ष देंगे। गुरुवर को इन अभियंताओं की टीमों ने जांच की। सभापति ने बताया कि संदीप कुमार को वार्ड एक से पांच तक, एईएन सुमित माथुर छह से दस तक, एटीपी फरसाराम बिश्नोई 11 से 15 तक, अमित कुमार को 16 से 20, जेईएन चंदनदीप सिंह 21 से 25 तक, जेईएन सिद्धार्थ जांदू 26 से 30 तक, जेईएन जितेन्द्र मीणा 31 से 35 तक, जेईएन शिवांगी 36 से 40 तक, जेईएन नेहा गर्ग 41 से 45 तक, जेईएन अशोक हुड्डा 46 से 52 तक, एइएन अमनदीप कौर को 53 से 60 और जेईएन जयश्री को 61 से 65तक वार्डो की जिम्मेदारी तय की है।

Hindi News/ Sri Ganganagar / फरलो पर मिले 64 अस्थायी कार्मिकों की सेवाएं समाप्त

ट्रेंडिंग वीडियो