पुलिस ने बताया कि सत्यम नगर निवासी समीर (24) पुत्र राजेश मिड्ढा गुरुवार रात को खाना खाने के बाद सोने के लिए अपने ऊपर के कमरे में चला गया था। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने उसे आवाज लगाई तो वह काफी देर तक नीचे नहीं आया। परिजनों ने ऊपर जाकर देखा तो सीढ़ी की रैलिंग से फंदा लगाकर लटका हुआ था।
यह देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इस दौरान वहां आसपास के लोग भी जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। शव को राजकीय चिकित्सालय में पहुंचाया गया। इस मामले में मृतक के पिता राजेश मिड्ढा की ओर से मर्ग दर्ज की गई है।
मृतक अपने परिवार में इकलौता पुत्र था। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था। युवक टिकटॉक पर वीडियो अपलोड करता था। बताया जा रहा है कि वह प्रदेश में टॉप फाइव में पहुंच गया था।
इसी कंपनी का दिल्ली में 13 मार्च को एक कार्यक्रम होना है। जिसमें मृतक को बुलाया गया था। खुदकुशी करने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिसकर्मियों ने उसके कमरे की भी तलाशी ली थी लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।