scriptलोकसभा चुनाव 2024: 95 लाख की थी सीमा, एक भी प्रत्याशी भी नहीं कर सका 60 लाख से ज्यादा खर्च | Lok Sabha Elections 2024: The limit was 95 lakhs, not even a single candidate could spend more than 60 lakhs | Patrika News
भरतपुर

लोकसभा चुनाव 2024: 95 लाख की थी सीमा, एक भी प्रत्याशी भी नहीं कर सका 60 लाख से ज्यादा खर्च

-लोकसभा: भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली ने 58 लाख, कांग्रेस प्रत्याशी संजना जाटव ने खर्चे 33 लाख रुपए

भरतपुरMay 06, 2024 / 07:42 pm

Meghshyam Parashar

-लोकसभा: भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली ने 58 लाख, कांग्रेस प्रत्याशी संजना जाटव ने खर्चे 33 लाख रुपए

भले ही चुनावों में करोड़ों रुपए खर्च होने की बात होती रही हो लेकिन कागजों में इसकी असलियत कुछ और ही नजर आती है। या फिर यह कहें कि लाख निगरानी या चुनाव आयोग की सख्ती के बाद भी इतनी गुंजाइश तो जरूर रहती है कि प्रत्याशी भले ही करोड़ों रुपए चुनाव में बहा दें, लेकिन वह आयोग की ओर से दी गई खर्च सीमा में ही चुनाव संपन्न कराने में कागजी रूप से सफल दिखाई पड़ता है।
भरतपुर लोकसभा की बात करें तो यहां आठ विधानसभा आती हैं। इसमें भरतपुर, डीग-कुम्हेर, नगर, कामां, बयाना, नदबई, वैर व कठूमर विधानसभा हैं। पत्रिका ने लोकसभा के प्रत्याशियों की ओर से चुनाव आयोग को दिए गए खर्च के ब्यौरे की पड़ताल की तो पता चला कि सबसे अधिक कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों ने खर्च किया है, लेकिन करोड़ों की चमक धमक के बाद भी भाजपा ने सबसे अधिक 58 लाख तो कांग्रेस ने 33 लाख रुपए खर्च किए हैं। इतना ही नहीं अलग-अलग कस्बों में संचालित प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का पूरे दिन का खर्च है महज 800 से 900 रुपए है। पत्रिका ने दोनों प्रत्यािशयों के निर्वाचन व्यय रजिस्टर खंगाले तो यह हकीकत सामने आई। हालांकि अभी दोनों प्रत्याशियों की ओर से निर्वाचन आयोग के सामने फाइनल हिसाब पेश किया जाना है। जो कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के एक माह बाद तक प्रस्तुत किया जाता है। इसलिए अभी फाइनल हिसाब आना बाकी है।
किस प्रत्याशी ने कितना किया खर्च

भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली ने 58 लाख रुपए, कांग्रेस प्रत्याशी संजना जाटव ने 33 लाख रुपए, बसपा प्रत्याशी अंजला जाटव ने तीन लाख 25 हजार रुपए, अनीता ने 96 हजार रुपए, पुरुषोतमलाल ने 12 हजार 500 रुपए, पुष्पेंद्र कुमार ने 12 हजार 700 रुपए खर्च किए।
फंड सिर्फ दो प्रत्याशियों को मिला

कांग्रेस प्रत्याशी को पार्टी से इस बार कोई फंड नहीं मिला है तो भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली को पार्टी से 50 लाख रुपए का फंड मिला। जबकि बसपा प्रत्याशी अंजला जाटव को ज्योतिवा राव फुले संस्थान से पांच लाख रुपए का फंड मिला।
60 प्रतिशत रकम डीजल, गाड़ी किराये पर खर्च

लोकसभा चुनाव में जीत के लिए प्रत्याशियों ने सबसे ज्यादा रकम गाड़ी भाड़ा और पेट्रोल, डीजल पर खर्च किया। पड़ताल में पता चलता है कि प्रत्याशियों ने अपने कुल खर्च का 60 प्रतिशत रकम गाड़ी भाड़ा, डीजल व सभा पर खर्च किया है। इसमें भी सबसे अधिक गाड़ी भाड़े पर हुआ है। इसके अलावा प्रत्याशियों ने रैली, झंडा बैनर समेत अन्य चीजों में खर्च की है।
हर बार बढ़ती रही है खर्च सीमा

चुनाव में एक दल कितने रुपए खर्च कर सकता है, इसकी तो कोई सीमा नहीं है लेकिन लोकसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के लिए यह रकम 95 लाख रुपए तय की गई है। मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में एक प्रत्याशी 40 लाख रुपए तक खर्च कर सकता है। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की ओर से किए जाने वाले खर्चे की सीमा चुनाव आयोग समय-समय पर बढ़ाता रहा है। साल 2019 में एक प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में 70 लाख रुपए और विधानसभा चुनाव में 28 लाख रुपए तक खर्च कर सकता था।

Hindi News/ Bharatpur / लोकसभा चुनाव 2024: 95 लाख की थी सीमा, एक भी प्रत्याशी भी नहीं कर सका 60 लाख से ज्यादा खर्च

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो