scriptनर्सिंग से लेकर दरोगा तक की नियुक्ति एक झटके में, जब पोल खुला तब आया हैरान करने वाला सच | Patrika News
गोरखपुर

नर्सिंग से लेकर दरोगा तक की नियुक्ति एक झटके में, जब पोल खुला तब आया हैरान करने वाला सच

गोरखपुर में बेरोजगार लोगों को पुलिस में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार को प्रेस वार्ता करते हुए एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि शिकायत मिली थी कि सैनिक विहार नंदानगर का रहने वाला भास्कर शर्मा कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखो रुपए लेकर फरार है।

गोरखपुरApr 28, 2024 / 08:59 am

anoop shukla

शनिवार को पुलिस के हत्थे बड़ा जालसाज चढ़ा जो नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से ठगी करता था। जालसाज को AIIMS पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने अरेस्ट कर लिया। वह बेरोजगार युवकों को पुलिस विभाग में दरोगा बनाने का लालच देकर लाखों रुपए लेकर फरार चल रहा था। आरोपी पर गोरखपुर के अलावा देवरिया और अन्य जिलों में जालसाजी का मुकदमा दर्ज था। गोरखपुर के SSP ने उसपर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया।
AIIMS क्षेत्र के सैनिक विहार, नन्दानगर का रहने वाला जालसाज भास्कर शर्मा गोरखपुर के साथ ही देवरिया और अन्य जिलों में बेरोजगार युवकों को अपना शिकार बनाकर उनसे लाखों की ठगी कर गायब गया था। उसने गोरखपुर के AIIMS थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित को DGP कोटे से पुलिस में दरोगा बनाने का ऑफर दिया। जालसाज ने युवक को फर्जी दस्तावेज दिखाकर झांसे में लिया। इसके बाद उसने पीड़ित से 11 लाख रुपए वसूले और गायब हो गया।
इससे पहले उसने देवरिया की एक युवती को नर्सिंग में एडमिशन दिलाने के नाम पर 4 लाख 90 हजार और एक युवक को शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 4 लाख 90 हजार रुपए का चूना लगाया था। आरोपी सभी लोगों को विभिन्न अधिकारियों की ओर से जारी फर्जी दस्तावेज दिखाकर झांसे में लेता था।
जालसाज भास्कर शर्मा ने गोरखपुर के ही एक अन्य व्यक्ति को अपना हाव-भाव दिखाकर शिकार बनाया। उसने पीड़ित के दोनों बेटों में से एक को MBBS में दाखिला जबकि दूसरे को पुलिस विभाग में दरोगा बनाने की पेशकश की। पीड़ित के झांसे में आते ही उसने 30 लाख रुपए वसूल लिए और फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की थी।
SP सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे लोगों को झांसे में लेकर लाखों की ठगी करता था। इसके खिलाफ 25 हजार का इनाम भी रखा गया था। आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। शनिवार को AIIMS पुलिस और क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो